'धुरंधर 2' ने रिलीज से पहले मचाया तहलका, टिकटों की कीमत ने छुआ आसमान
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' को लेकर लोगों में जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। ट्रेलर ने लोगों की उत्सुकता को और ज्यादा बढ़ाया है जिसका असर एडवांस बुकिंग में साफतौर पर दिखाई दे रहा है। 19 मार्च को रिलीज हो रही फिल्म का पहला दिन बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त हो, ऐसा निर्माताओं का लक्ष्य है। यही कारण है कि 'धुरंधर 2' के टिकटों की कीमत इस तरह रखी गई है कि हर कोई सिनेमाघरों तक पहुंचे।
कीमत
'धुरंधर 2' के महंगे और सस्ते टिकटों की कीमत में भारी अंतर
वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, 'धुरंधर 2' के सबसे महंगे और सबसे सस्ते टिकटों की कीमत में भारी अंतर है। प्रीव्यू शो के लिए टिकटों की उच्चतम कीमत 2,900 रुपये है। इस कीमत के साथ दर्शकों को मुंबई के INOX मेगाप्लेक्स में रिक्लाइनर वाली प्रीमियम सीट मिलेगी। वहीं दूसरी ओर, दक्षिण भारत में टिकटों की कीमत सबसे कम है। रिपोर्ट के अनुसार, चेन्नई के AGS सिनेमा में पर्ल श्रेणी के लिए सबसे सस्ता टिकट 59 रुपये रखा गया है।
बिक्री
'धुरंधर 2' ने एडवांस बुकिंग में बेचे इतने टिकट
सैकनिल्क के मुताबिक, 'धुरंधर 2' ने प्रीमियर शो के लिए भारत में अब तक 2,37,323 से ज्यादा टिकट बेचे हैं। इसी के साथ एडवांस बुकिंग में घरेलू कमाई 13.75 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि आरक्षित सीटों के साथ यह आंकड़ा बढ़कर 19.46 करोड़ हो गया है। बता दें, 18 मार्च को 'धुरंधर 2' के लिए पेड प्रिव्यू रखा गया है, जबकि यह रिलीज 19 मार्च, 2026 को होगी। फिल्म में संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी हैं।