धनुष की 'कारा' ने सिनेमाघरों में मचाया तहलका, रिलीज होते ही नेटफ्लिक्स के साथ हुई बड़ी डील
साउथ के सुपरस्टार धनुष की फिल्म 'कारा' ने सिनेमाघरों में दस्तक दे दी है और पहले ही दिन दर्शकों का जबरदस्त हुजूम इसे देखने के लिए उमड़ पड़ा है। धनुष के दमदार अभिनय और फिल्म की कहानी को लेकर मिल रही शुरुआती प्रतिक्रियाओं ने सोशल मीडिया पर भी हलचल पैदा कर दी है। इसी बीच फिल्म से जुड़ी एक बड़ी खबर यह भी आई है कि दिग्गज ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने इसके डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार पहले ही खरीद लिए हैं, जिससे यह साफ है कि बड़े पर्दे के बाद अब डिजिटल दुनिया में भी यह फिल्म बड़ा धमाका करने को तैयार है।
खाड़ी युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी धनुष की 'कारा'
1990 के दशक के खाड़ी युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'करा' में धनुष ने 'करसाईमी' का किरदार निभाया है, जो अपने परिवार की रक्षा के लिए अपराध की दुनिया का रास्ता चुनता है। इस फिल्म में मामीथा बाईजू और के एस रविकुमार भी मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि जी वी प्रकाश कुमार के संगीत और थेनी ईश्वर की सिनेमाटोग्राफी ने फिल्म में जान फूंक दी है। सिनेमाघरों के बाद यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी, हालांकि इसकी OTT रिलीज की तारीख का खुलासा होना अभी बाकी है।