धनुष ने निर्देशन से लिया ब्रेक, बोले- फिलहाल कैमरे के पीछे जाने का इरादा नहीं
अभिनेता धनुष ने फिलहाल निर्देशन से थोड़ा ब्रेक ले लिया है और अभी पूरी तरह एक्टिंग पर ही ध्यान दे रहे हैं। हाल ही में कोयंबटूर में हुए एक इवेंट में उन्होंने बताया कि वो अपनी आने वाली फिल्मों को ही प्राथमिकता देंगे और अभी कैमरे के पीछे नहीं जाएंगे। उनकी अगली फिल्म 'करा' 30 अप्रैल, 2026 को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का निर्देशन विग्नेश राजा ने किया है और इसमें ममिता बाईजू और केएस रविकुमार जैसे कलाकार भी उनके साथ नजर आएंगे।
पहले इन फिल्मों को पूरा करेंगे धनुष
धनुष के पास अभी कई बड़े एक्टिंग प्रोजेक्ट्स हैं। इनमें राजकुमार पेरियासामी के साथ 'D55', मारी सेलवराज और पचईमुथु तमिलरासन के साथ फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा उनकी हिट फिल्म 'वड चेन्नई' का सीक्वल 'वड चेन्नई 2' भी जल्द आने वाला है। धनुष ने बताया कि ये सभी प्रोजेक्ट्स पूरे होने के बाद ही वे दोबारा निर्देशन की दुनिया में लौटेंगे। उनकी आखिरी निर्देशित फिल्म 'इडली कडाई' थी, जो एक पारिवारिक कहानी पर आधारित थी और इसमें उनकी कहानी कहने का बेहतरीन हुनर देखने को मिला था।