'धमाल 4' ने चौथे दिन कर डाली बंपर कमाई, 'अल्फा'-'वेलकम टू द जंगल' का कैसा हाल?
क्या है खबर?
अजय देवगन की कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'धमाल 4' कारोबारी दिनों में दस्तक दे चुकी है। जैसा कि उम्मीद की जा रही थी, इसने चौथे दिन भी शानदार कारोबार किया है और 70 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम अपनी झोली में बटोर ली है। फिल्म का खुमारा लोगों पर किस कदर चढ़ा है, यह इसके कलेक्शन से साफ पता चलता है। इस तूफानी कमाई से 'धमाल 4' ने पिछली कई फिल्मों को धूल चटा दी है। आइए देखें इसका ताजा कलेक्शन।
कलेक्शन
'धमाल 4' ने 4 दिनों में वर्ल्डवाइड पार किया 100 करोड़ का आंकड़ा
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन (साेमवार को) 8.75 करोड़ रुपये कमाए हैं।
आमतौर पर फिल्में कारोबारी दिनों में आकर पस्त हो जाती हैं, लेकिन 'धमाल 4' ने दिखा दिया कि वह अभी घुटने टेकने वाली नहीं है।
इसका कुल नेट कलेक्शन अब 73.75 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि वर्ल्डवाइड इसने 102.83 करोड़ रुपये कमाए हैं।
जल्द ही यह शाहिद कपूर अभिनीत फिल्म 'ओ रोमियो' (83.35 करोड़ रुपये) को मात देने वाली है।
गिरावट
'अल्फा' दूसरे हफ्ते में मुंह के बल गिरी
आलिया भट्ट, शरवरी वाघ और बॉबी देओल जैसे कलाकारों वाली एक्शन थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' दूसरे हफ्ते में आकर बॉक्स ऑफिस से गायब होने लगी है।
इसने रिलीज के 11वें दिन, यानी सोमवार को कुल 75 लाख रुपये कमाए हैं, जिसके बाद इसका कुल नेट कलेक्शन 54.35 करोड़ रुपये हुआ है।
दूसरी ओर, अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' ने 18वें दिन महज 55 लाख रुपये कमाए।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुल 130.10 करोड़ रुपये कमा सकी है।