अक्षय कुमार के आगे अजय देवगन ने टेके घुटने, टल गई साल की सबसे बड़ी टक्कर
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर होने वाली साल की सबसे बड़ी टक्कर अब टल गई है, क्योंकि अक्षय कुमार के सामने अजय देवगन ने अपने कदम पीछे खींच लिए हैं। सिनेमाघरों में होने वाले 'सिंघम' और 'खिलाड़ी' के इस महा-मुकाबले को रोकने के लिए दोनों सुपरस्टार्स के बीच एक बेहद खास और गुपचुप समझौता हुआ है। इस चौंकाने वाले फैसले के बाद अजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धमाल 4' अब अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' के साथ नहीं टकराएगी।
टकराव
'वेलकम टू द जंगल' से नहीं टकराएगी अजय देवगन की 'धमाल 4'
कल्पना कीजिए कि साल 2026 की दो सबसे बड़ी कॉमेडी फिल्में, जो दोनों ही ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी का हिस्सा हैं, सिनेमाघरों में महज 1 हफ्ते के अंतराल पर रिलीज होने वाली हों। अजय की 'धमाल 4' और अक्षय की 'वेलकम टू द जंगल' के साथ भी कुछ ऐसी ही स्थिति बन रही थी। हालांकि, अब खबरों की मानें तो अजय ने बॉक्स ऑफिस पर अक्षय को रास्ता देने का फैसला किया है और 'धमाल 4' की रिलीज को टाल दिया है।
कदम
अजय-अक्षय की आपसी बातचीत के बाद निर्माताओं ने बदला प्लान
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, अजय और अक्षय ने इस बारे में सीधे एक-दूसरे से बात की और बॉक्स ऑफिस पर होने वाली इस टक्कर को टालने का फैसला किया। खबरों की मानें तो दोनों ही अभिनेताओं का ये मानना था कि महज 1 हफ्ते के अंतराल पर 2 बड़ी कॉमेडी फिल्में रिलीज करने से दोनों फिल्मों की बॉक्स ऑफिस कमाई पर बुरा असर पड़ सकता है। इसी वजह से निर्माताओं ने फिल्मों को अलग-अलग रिलीज करने का फैसला किया।
रिलीज
14 दिन आगे खिसकी 'धमाल 4'
'वेलकम टू द जंगल' अपने तय शेड्यूल के मुताबिक 26 जून, 2026 को ही सिनेमाघरों में आएगी, वहीं 'धमाल 4' अब 3 जुलाई के बजाय 17 जुलाई को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी। हालांकि, निर्माताओं की तरफ से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा की जानी बाकी है। विशेषज्ञों के अनुसार, दोनों फिल्मों के बीच का ये अंतराल इनकी बड़ी रिलीज को फायदा पहुंचाएगा। हालांकि, आखिरकार रिलीज के बाद फिल्मों की कमाई दर्शकों की तारीफ और अच्छी प्रतिक्रिया पर ही निर्भर करेगी।