'रामायण' पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस बोले- इसे ऑस्कर नहीं मिला तो बड़ी निराशा होगी
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' की जमकर सराहना की है। मुंबई में 'प्राइम फोकस' स्टूडियो के उद्घाटन समारोह के दौरान फडणवीस ने कहा कि ये फिल्म केवल इस दशक की नहीं, बल्कि इस सहस्त्राब्दी की सबसे भव्य और बेहतरीन फिल्म है। उन्होंने आत्मविश्वास जताते हुए कहा कि अगर इस महान पौराणिक गाथा को ऑस्कर नहीं मिला तो उन्हें व्यक्तिगत रूप से भारी निराशा होगी।
बयान
"ये दशक की नहीं, 1000 साल की फिल्म है"
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस भव्य फिल्म का जिक्र कर फडणवीस ने कहा, "अगर 'रामायण' को ऑस्कर नहीं मिलता है,तो मुझे एकेडमी अवॉर्ड्स की जूरी से काफी निराशा होगी। ये सिर्फ किसी एक दशक की फिल्म नहीं, बल्कि ये एक सहस्त्राब्दी (पिछले 1]000 सालों की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक) फिल्म है।"
उनकी ये टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब 'रामायण' के निर्माताओं ने हाल ही में इस पौराणिक फिल्म की रिलीज योजना की घोषणा की है।
स्तर
'रामायण' के भव्य पैमाने पर कही थी ये बात
इससे पहले मुंबई के जियो सेंटर में हुए चार दिवसीय 'वेव्स समिट 2025' में भी फडणवीस ने 'रामायण' के बड़े पैमाने की तारीफ की थी।
निर्माता नमित मल्होत्रा से बात कर उन्होंने कहा था कि भारत दुनिया की सबसे पुरानी कथा-परंपराओं में से एक है। उन्होंने आगे कहा, 'हमारी कला, नाट्य और संगीत का इतिहास बहुत पुराना है। हम बस इसे आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ना चाहते थे और मुझे लगता है कि आप बिल्कुल वही काम कर रहे हैं।'"
तारीफ
"नमित जो बना रहे हैं, वो दुनिया में सबसे बेहतरीन होगा"
मुख्यमंत्री ने नमित मल्होत्रा से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री संग पैवेलियन का दौरा करने और 'रामायण' का काम देखने के बाद वो काफी अभिभूत थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी तक हमारी पौराणिक कहानियों को पहुंचाने का यही सबसे सही तरीका है। उनका मानना है कि नमित जो निर्माण कर रहे हैं, वो वैश्विक स्तर पर सबसे बेहतरीन साबित होगा।
इस भव्य फिल्म का पहला भाग दिवाली से 2 दिन पहले, 6 नवंबर 2026 को रिलीज होगा।