बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' ने गाड़े झंडे, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपने घर पर मनाया जीत का जश्न
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई स्थित अपने घर 'वर्षा' पर 'हनुमान अंश' की टीम को फिल्म की सफलता का जश्न मनाने के लिए बुलाया। इस मौके का एक वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वह टीम को फिल्म की कामयाबी पर बधाई देते और भविष्य में और बड़ी सफलता की शुभकामनाएं देते नजर आए। विशाल चतुर्वेदी की किताब से प्रेरित ये फिल्म आजादी से पहले के भारत में नीम करोली बाबा के शुरुआती आध्यात्मिक सफर की कहानी दिखाती है।
'हनुमान अंश' 300 करोड़ के पार
'हनुमान अंश' को सिनेमाघरों में दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म ने रिलीज के 43वें दिन 5 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद भारत में इसका कुल कारोबार 248.38 करोड़ रुपये हो गया है, वहीं दुनियाभर में फिल्म की कमाई 316.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। 7 अगस्त को रिलीज हुई ये फिल्म एक प्लान की गई ट्राइलॉजी का पहला हिस्सा है यानी कहानी के अगले हिस्सों में भी दर्शकों को नीम करोली बाबा की जिंदगी से जुड़े और पहलू देखने को मिल सकते हैं।