टाइगर श्रॉफ की कार पर हमले का पर्दाफाश, 4 बंदूक देने वाले हुए गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने 4 लोगों को पकड़ा है। इन पर आरोप है कि इन्होंने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुए हालिया हमले में इस्तेमाल की गई बंदूक मुहैया कराई थी।
खबरों के मुताबिक, 2 महिलाएं- राधा और बबीता- नई दिल्ली से मुंबई गईं थीं। इन्होंने 18 अक्टूबर को जुहू में टाइगर की गाड़ी पर फायरिंग होने से ठीक एक दिन पहले एक नाबालिग को पिस्तौल सौंपी थी।
जांच में अनिल से जुड़े बंदूक के तार
जांच के दौरान हथियार कुणाल के पास तक पहुंचा। जांचकर्ताओं ने बताया कि कुणाल का संबंध अनिल पंडित से है, जिसे गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का एक अहम सहयोगी माना जाता है।
कुणाल ने यह पिस्तौल अमृतसर से मंगवाई थी। उसने राधा और बबीता को यह पहुंचाने के लिए 12,000 रुपये देने का वादा किया था।
हमले के तुरंत बाद पुलिस ने कोटा से कुछ संदिग्धों को पकड़ा था। उन्हीं से मिली जानकारी और सुरागों के आधार पर इस पूरी साजिश और इसके पीछे के संगठित नेटवर्क का खुलासा हो सका।