देबिना बनर्जी के मुश्किल दौर में फराह खान बनीं सहारा, IVF को लेकर किया खुलासा
क्या है खबर?
देबीना बनर्जी टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। वह 40 साल की उम्र में 2 बेटियों की मां बनीं। हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर को याद किया और बताया कि उस समय फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान उनके लिए प्रेरणा बनी थीं। देबीना के मुताबिक, फराह का अपनी IVF के सफर के बारे में खुलकर बात करना उनके लिए उम्मीद की किरण साबित हुआ और उन्हें हिम्मत मिली।
बात
देबीना ने की 40 के बाद मां बनने पर बात
देबीना ने कहा, "आजकल 40 के बाद मां बनने पर काफी चर्चा हो रही है। कुछ लोगों का मानना है कि हमें 40 के बाद की गर्भावस्था को अच्छे से पेश नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे दूसरों को लग सकता है कि यह बिल्कुल सही कदम है, लेकिन मेरा मानना है कि जब मैं खुद मां नहीं बन पा रही थी, तब मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या मेरे लिए कोई सकारात्मक परिणाम निकल पाएगा।"
उम्मीद
फराह की इन चीजों से देबीना को मिली थी उम्मीद
देबीना ने आगे कहा, "उस समय, हमारे सामने केवल फराह मैम का उदाहरण था। उन्होंने अपने सफर के बारे में बहुत खुलकर बात की थी। जब आपके सामने कोई सफल उदाहरण होता है, तो आपको उम्मीद मिलती है। आप सोचने लगते हैं कि अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो मेरे साथ भी हो सकता है। मेरे पास भी मौके हैं। वरना, आपको लगने लगता है कि आपके सारे मौके खत्म हो चुके हैं।"
जानकारी
शादी के 11 साल बाद देबीना बनी थीं मां
देबीना ने करियर में कई शोज किए, लेकिन उन्हें पहचान 2008 के लोकप्रिय शो 'रामायण' से मिली। इसी दौरान उनकी गुरमीत चौधरी से मुलाकात हुई और फिर दोनों ने शादी कर ली। शादी के 11 साल बाद देबीना लियाना और दिविशा की मां बनी।