Page Loader
साजिद खान को 'बिग बॉस' से निकालने के लिए महिला आयोग ने मंत्री को लिखा पत्र
दिल्ली महिला आयोग की साजिद को 'बिग बॉस' से हटाने की मांग

साजिद खान को 'बिग बॉस' से निकालने के लिए महिला आयोग ने मंत्री को लिखा पत्र

Oct 11, 2022
07:42 pm

क्या है खबर?

फिल्ममेकर साजिद खान इन दिनों रिएलिटी शो 'बिग बॉस' में नजर आ रहे हैं। इस शो में उनकी हिस्सेदारी को लेकर शुरू से ही सवाल उठाए जा रहे हैं। 2018 में कई महिलाओं ने साजिद पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे। फिल्मी हस्तियों से लेकर आम लोगों तक का गुस्सा 'बिग बॉस' पर फूट पड़ा। अब दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालिवाल ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को साजिद को शो से निकालने के लिए चिट्ठी लिखी है।

दलील

साजिद को बिग बॉस में मौका मिलना दुर्भाग्यपूर्ण- स्वाति

स्वाति मालिवाल ने सोमवार को ट्वीट कर जानकारी दी कि उन्होंने अनुराग ठाकुर को साजिद के खिलाफ पत्र लिखा है। स्वाति ने अपने पत्र में लिखा कि साजिद यौन शोषण के आरोपी हैं। उनको 'बिग बॉस' में मौका मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। इससे साबित होता है कि मनोरंजन जगत के पुरुष अपने अपराधों से आसानी से बच सकते हैं। वहीं यह उन महिलाओं के प्रति भी असम्मान है जिन्होंने अपना करियर दांव पर लगाकर उनके खिलाफ शिकायत की।

ट्विटर पोस्ट

स्वाति मालिवाल का ट्वीट

बचाव

FWICE ने किया साजिद का बचाव

स्वाति की चिट्ठी की प्रतिक्रिया में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्पलॉइज (FWICE) ने भी अनुराग ठाकुर को साजिद के पक्ष में पत्र लिखा है। फेडरेशन का कहना है कि साजिद अपने अपराध के दंड स्वरूप एक साल का प्रतिबंध गुजार चुके हैं। अब उन्हें काम करने और पैसे कमाने का पूरा हक है। फेडरेशन का कहना है कि उन्हें एक ही अपराध की सजा दो बार नहीं दी जा सकती। उनका 'बिग बॉस' में हिस्सा लेना गलत नहीं है।

गुस्सा

लोगों ने शुरू की थी साजिद के खिलाफ ऑनलाइन याचिका

शो में साजिद के शामिल होने को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों का जमकर गुस्सा फूटा था। साजिद को शो से बाहर करने के लिए एक ऑनलाइन याचिका भी शुरू की गई थी। लोग महिलाओं द्वारा साजिद पर लगाए आरोपों को ट्वीट करके 'बिग बॉस' को उनके अपराध याद दिला रहे थे। लोगों का आरोप है कि साजिद शो का अपनी छवि सुधारने के लिए इस्तेमाल करेंगे। यह प्रताड़ित महिलाओं के साथ अन्याय है।

#MeToo

#MeToo के तहत महिलाओं ने साजिद पर लगाए थे आरोप

साजिद पर आरोप हैं कि वह महिलाओं के सामने अपने जननांग दिखाते थे। अभिनेत्री मंदाना करीमी ने आरोप लगाया था कि जब वह 'हमशक्ल्स' की कास्टिंग के लिए साजिद से मिली थीं तो साजिद ने उनसे अपने कपड़े उतारने की मांग की थी। अभिनेत्री जिया खान की बहन ने डॉक्युमेंटरी 'डेथ इन बॉलीवुड' में दावा किया था कि एक स्क्रिप्ट रीडिंग सेशन में साजिद ने जिया से अपने कपड़े हटाने के लिए कहा था।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

साल 2018 में तनुश्री दत्ता ने अभिनेता नाना पाटेकर पर उन्हें गलत तरीके से छूने का आरोप लगाया था। इसके बाद कई महिलाओं ने आगे आकर कामकाज की जगह पर यौन शोषण पर खुलकर बात की थी। देखते-देखते इसने #MeToo आंदोलन का रूप ले लिया।