Loading...
दलेर मेहंदी विवाद: चेहरे पर नहीं लिखा होता कौन बीमार है, माफी पर मंत्री की दो-टूक
माफी मांगने को तैयार नहीं मंत्री सुबोध उनियाल

दलेर मेहंदी विवाद: चेहरे पर नहीं लिखा होता कौन बीमार है, माफी पर मंत्री की दो-टूक

Oct 25, 2026
10:26 am

क्या है खबर?

टिहरी के कुंजापुरी देवी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक लाइव शो के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी पर मंच से ही नशे में होने का आरोप लगाया था। सुलह की कोशिशों के बावजूद मंत्री अपने बयान पर कायम हैं और माफी मांगने से उन्होंने साफ इनकार कर दिया है।

कड़ा रुख

"शुरुआत हमने नहीं की थी"

बढ़ते विवाद और माफी की मांगों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सुबोध उनियाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपने रुख का बचाव किया।

उन्होंने कहा, "देखिए, इसकी शुरुआत हमने नहीं की थी। आप ही बताइए, अगर वो इतने बड़े कलाकार न होते तो क्या उन्हें ऐसे ही छोड़ दिया जाता? अगर वे बड़े कलाकार न होते तो उन्हें 36 लाख रुपये की पेशकश क्यों की जाती? क्या उनकी गलतियों को सुधारा नहीं जाना चाहिए?"

बयान

दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य दावों पर क्या बोले मंत्री?

प्रदर्शन के दौरान गायक के स्वास्थ्य को लेकर किए जा रहे दावों पर उनियाल ने कहा कि कलाकारों की ये जिम्मेदारी बनती है कि वे अपनी शारीरिक स्थिति की जानकारी पहले ही दे दें।

उन्होंने कहा, "वो एक बड़े कलाकार हैं, लेकिन मैं अब भी यही मानता हूं कि देखिए अगर किसी बड़े कलाकार का स्वास्थ्य खराब है तो दो बातें हो सकती हैं। वो आने से मना कर सकते थे, या फिर मंच से जनता को बता सकते थे।"

ADVERTISEMENT

टालमटोल

माफी मांगने से किया किनारा

मंत्री आगे बोले, "मुझे भी तो बताया जा सकता था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है या उनकी हालत सही नहीं है, क्योंकि किसी के चेहरे पर नहीं लिखा होता कि किसकी सेहत खराब है। हमें भी इस बारे में कुछ नहीं बताया गया था।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या वो अपने बयान के लिए माफी मांगेंगे तो उनियाल प्रेस कॉन्फ्रेंस से जाने से पहले बस इतना बोले, "देखिए, ठीक है।"

ADVERTISEMENT

माफीनामा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी मांग चुके मंत्री की ओर से माफी

इस घटना से संगीत जगत में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने मंत्री से माफी की मांग करते हुए उनका कड़ा बचाव किया।

विवाद बढ़ता देख उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीच-बचाव किया और दोनों भाइयों से बात की। मीका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने विधायक सुबोध उनियाल द्वारा दलेर पर लगाए गए नशे के आरोपों के लिए खुद माफी मांगी है।

ADVERTISEMENT