दलेर मेहंदी विवाद से तनाव में पूरा परिवार, बेटे गुरदीप ने बताया हाल
क्या है खबर?
उत्तराखंड के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी पर मंच से ही शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए कड़ी फटकार लगाई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर ये विवाद काफी बढ़ गया। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह और कई फिल्मी हस्तियों ने उनका बचाव करते हुए कहा कि वे शराब नहीं पीते। अब इस घटना को दलेर के बेटे गुरदीप मेहंदी ने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।
वीडियो
गुरदीप ने इंस्टाग्राम वीडियो जारी कर घटना को बताया 'दुर्भाग्यपूर्ण'
इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा करते हुए गुरदीप ने कहा कि बीते कुछ दिनों में हुई घटना पर यह उनका आधिकारिक रुख है। उन्होंने इस पूरे विवाद को 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' बताया।
गुरदीप ने खुलासा किया कि जब यह घटना हुई तब वो भारत से बाहर थे। घटना के बाद जब उन्होंने अपने पिता से उनका हाल-चाल पूछा तो दलेर मेहंदी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि वो बिलकुल ठीक हैं और उन्हें कोई परेशानी नहीं है।
आभार
गुरदीप ने जताया इंडस्ट्री का आभार, मांगी प्रशंसकों की दुआएं
गुरदीप ने कहा, "मैंने एक शो में ये बात साझा की थी और अब यह फिर से चर्चा का विषय बन गई है। जाहिर है हम तनाव में हैं और पूरा परिवार मिलकर इस स्थिति का सामना कर रहा है। समर्थन देने के लिए फिल्म उद्योग और मेरे चाचाजी मीका सिंह सहित सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद। इसी तरह हम पर अपना प्यार बरसाते रहें। कृपया हमारा समर्थन करते रहें। जैसा कि पापा कहते हैं, बाकी सब ईश्वर संभाल लेते हैं।"
विवाद
सिद्धपीठ कुंजापुरी मेले में क्या हुआ था?
उत्तराखंड के न्यू टिहरी में 'सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले' के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी के साथ मंच पर ही एक विवाद हो गया।
रविवार रात प्रस्तुति के दौरान उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें बीच में ही रोक दिया और उनके व्यवहार पर नाराजगी जताई।
मंत्री ने तंज कसते हुए कहा, "आप बोल भी नहीं पा रहे हैं, तो गाएंगे कैसे?" और उनके नशे में होने का आरोप लगाया। तभी से विवाद जारी है।