LOADING...
'एक्यूज्ड' का ट्रेलर इंटरनेट पर छाया, कोंकणा सेन को देख लोग बोले- इसे कहते हैं एक्टिंग
'एक्यूज्ड' के ट्रेलर ने जीता दर्शकों का दिल (तस्वीर: एक्स/@NetflixIndia)

'एक्यूज्ड' का ट्रेलर इंटरनेट पर छाया, कोंकणा सेन को देख लोग बोले- इसे कहते हैं एक्टिंग

Feb 21, 2026
05:10 pm

क्या है खबर?

कोंकणा सेन शर्मा की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एक्यूज्ड' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है। ट्रेलर में कोंकणा की जबरदस्त एक्टिंग को देखकर फैंस उनके मुरीद हो गए हैं। कत्ल और रहस्य की परतों में लिपटी इस फिल्म की कहानी ने दर्शकों को अभी से रोमांचित कर दिया है। लोग कोंकणा की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ कर रहे हैं और इसे इस साल का सबसे बड़ा सस्पेंस ड्रामा मान रहे हैं।

ट्रेलर

अस्पताल में अपराध की कहानी

अनुभूति कश्यप के निर्देशन में बनी फिल्म 'एक्यूज्ड' का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें कोंकणा सेन शर्मा और प्रतिभा रांटा मुख्य भूमिकाओं में हैं। 'डॉक्टर जी' की सफलता के बाद अनुभूति एक बार फिर अस्पताल के बैकग्राउंड वाली कहानी लेकर आई हैं, लेकिन इस बार मामला कॉमेडी नहीं बल्कि एक गंभीर अपराध का है। फिल्म में कोंकणा एक ऐसी डॉक्टर की भूमिका में हैं, जो यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रही है।

प्रतिक्रिया

कोंकणा की एक्टिंग पर फिदा हुई जनता

ट्रेलर देख एक यूजर ने लिखा, 'काफी समय बाद कुछ अलग कंटेंट देखने को मिलेगा।' कई ट्रेलर को 'फायर' बता रहे हैं। कुछ के मुताबिक, जहां बॉलीवुड ग्लैमर के पीछे भागता है, वहीं कोंकणा ने साबित कर दिया कि एक्टिंग' ही असली राजा है। एक ने लिखा, 'वो किरदार को जीती हैं, सिर्फ निभाती नहीं। इसे कहते हैं असली एक्टिंग।' जनता का कहना है कि कोंकणा की मौजूदगी ही किसी फिल्म को देखने की सबसे बड़ी वजह बन जाती है।

Advertisement

बयान

'एक्यूज्ड' को लेकर क्या बोलीं कोंकणा और प्रतिभा?

फिल्म की मुख्य अभिनेत्रियों, कोंकणा और प्रतिभा ने अपने किरदारों और फिल्म के विषय पर खुलकर बात की है। कोंकणा बोलीं, "मुझे खुशी है कि नेटफ्लिक्स 'तमाशे' के बजाय सधे हुए अभिनय और चुप्पी पर आधारित कहानी ला रहा है।" उधर प्रतिभा ने कहा, "मीरा का रोल निभाना चुनौतीपूर्ण था, जहां दिल और दिमाग भरोसे और शक के बीच झूलते रहते हैं। अच्छा लगता है जब औरतों की ऐसी असली और जटिल कहानियां पर्दे पर आती हैं।"

Advertisement

मिलन

2 शानदार अदकाराएं आईं साथ

कोंकणा उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं, जो अपनी आंखों और खामोशी से बात करने का दम रखती हैं। उन्हें 'मिस्टर एंड मिसेज अय्यर', 'पेज 3' और 'वेक अप सिड' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। कोंकणा को 'गंभीर सिनेमा' की जान माना जाता है। उधर प्रतिभा बॉलीवुड की नई और बेहद प्रतिभाशाली खोज हैं, जिन्होंने बहुत कम समय में अपनी छाप छोड़ी है। उन्हें किरण राव की फिल्म 'लापता लेडीज' और सीरीज 'हीरामंडी' से बड़ी लोकप्रियता मिली है।

Advertisement