'हनुमान अंश' को देखकर मंत्रमुग्ध हुए क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, खुश होकर कही ये बात
क्या है खबर?
विशाल चतुर्वेदी की 'हनुमान अंश' इस वक्त हर किसी की जुबान पर है। आम इंसान के साथ-साथ फिल्मी सितारे भी इसका लुत्फ उठाने से खुद काे नहीं रोक पा रहे हैं। इनमें ताजा नाम पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का जुड़ गया है। उन्होंने फिल्म देखने की न सिर्फ अपील की, बल्कि एक वीडियो के जरिए जमकर तारीफ भी की है। क्रिकेटर ने कहा कि कुछ अनुभव ऐसे होते हैं, जिनका वर्णन करने के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं।
तारीफ
महाराज जी के प्रति मेरा असीम आकर्षण - सहवाग
क्रिकेटर ने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए कहा, "मेरे कुछ करीबी दोस्त नीम करोली बाबा के भक्त हैं। लगभग 10 साल पहले, मेरे एक दोस्त ने मुझे उनके बारे में बताया था। तब से मैं उनके बारे में सुनता और पढ़ता आ रहा हूं। महाराज जी के प्रति मेरा असीम आकर्षण रहा है। उनका व्यक्तित्व, उनकी भक्ति और उनका आशीर्वाद कई लोगों के जीवन को बदल देता है। इससे पता चलता है कि वे कैसे व्यक्ति थे।"
विचार
एक फिल्म में उनके जीवन को समेटना असंभव - सहवाग
उन्होंने कहा, "यह कितना अविश्वसनीय है कि उनके 52 साल पहले निधन के बाद भी उनका आशीर्वाद उनके भक्तों के जीवन में बना हुआ है। कुछ दिन पहले मैंने उनकी जीवनी पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' देखी। एक फिल्म में उनके जीवन को समेटना असंभव है। फिल्म बहुत खूबसूरती से बनी है और इसकी पटकथा भी बेहतरीन है। मुझे लगता है कि यह फिल्म महाराज जी को एक सुंदर श्रद्धांजलि है।"
क्रिकेटर ने अपने पसंदीदा दृश्य का खुलासा भी किया।
भक्ति
आंखें वही देखती हैं जो हमारे दिल में होता है - सहवाग
उन्होंने कहा, "एक दृश्य विशेष रूप से मुझे छू गया, जिसमें महाराज जी सांपों से घिरे हुए हैं। उनके एक भक्त उनसे कहते हैं कि वे शिव के समान भोले हैं, और वे जवाब देते हैं, 'तुम भोले हो। आंखें वही देखती हैं जो हमारे दिल में होता है।' शायद यही वे हम सभी से कहना चाहते थे।"
आखिर में सहवाग ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि 'हनुमान अंश' को जरूर देखें।