सलमान खान के घर के बाहर तैनात पुलिसकर्मी की अचानक मौत, पड़ा दिल का दौरा
क्या है खबर?
सुपरस्टार सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर तैनात 41 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल गणेश की अचानक मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वो जमीन पर गिर पड़े। वहां मौजूद उनके दूसरे साथी पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि गणेश की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है।
दुखद
सलमान खान के सुरक्षा घेरे में तैनात था पुलिसकर्मी
IANS की रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान को मिल रही धमकियों के चलते उनके घर और आसपास सुरक्षा सख्त रखी जाती है। कांस्टेबल गणेश इसी सुरक्षा घेरे का हिस्सा थे।
मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वो गिर पड़े। साथी पुलिसकर्मी तुरंत उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह दिल का दौरा बताई गई है।
निशाना
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर सलमान
बता दें कि काले हिरण शिकार मामले का बदला लेने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका गैंग सलमान को लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
पिछले साल सलमान ने स्वीकार किया था कि इतनी भारी सुरक्षा के साथ घूमना-फिरना उनके लिए काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वो इन धमकियों से डरते नहीं हैं और अपनी सुरक्षा का पूरा जिम्मा उन्होंने ईश्वर पर छोड़ रखा है।
सुरक्षा
गैलेक्सी अपार्टमेंट फायरिंग के बाद बढ़ाई गई थी सलमान की सुरक्षा
अप्रैल 2024 में सलमान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर 2 बाइक सवारों ने फायरिंग की थी, जिसकी जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया।
इस घटना के बाद सलमान की सुरक्षा और ज्यादा सख्त कर दी गई।
बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का खौफनाक चेहरा साल 2022 में मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की दिनदिहाड़े हुई हत्या के बाद पूरे देश के सामने आया था, जिसकी जिम्मेदारी खुद बिश्नोई गैंग ने ली थी। था।
वर्कफ्रंट
सलमान की आने वाली फिल्में
काम के मोर्चे पर बात करें तो सलमान जल्द ही फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' में नजर आएंगे। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2020 की गलवान घाटी झड़प पर आधारित है, जिसमें वो कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभा रहे हैं। साथ में चित्रांगदा सिंह भी हैं।
इसके अलावा सलमान ईद 2027 में नयनतारा के साथ फिल्म 'SVC63' में दिखेंगे। वो 'बिग बॉस 20' के जरिए भी फैंस का मनोरंजन करने लौट रहे हैं।