तिरुपति मंदिर में कृति सैनन को ओम राउत ने किया किस, विवाद शुरू
मंगलवार को 'आदिपुरुष' की टीम ने तिरुपति में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस प्री-रिलीज कार्यक्रम में फिल्म का नया ट्रेलर भी जारी किया गया था। प्री-रिलीज कार्यक्रम के लिए यहां प्रभास, कृति सैनन और निर्देशक ओम राउत पहुंचे थे। कार्यक्रम से पहले तीनों ने तिरुपति मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन भी किए। हालांकि, अब राउत विवादों में घिर गए हैं। मंदिर में कृति को किस करने के लिए उनकी आलोचना हो रही है।
वायरल हो रहा राउत और कृति का वीडियो
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राउत कृति को किस करते हुए दिख रहे हैं। मंदिर में दर्शन के बाद राउत, कृति को विदा करते हुए उनके गालों पर किस करते हैं। सोशल मीडिया पर लोगों का कहना है कि भले ही सितारों के बीच इस तरह का अभिवादन आम है, लेकिन मंदिर जैसी जगह पर उन्हें मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। देखते ही देखते विवाद ने धार्मिक और राजनितिक रंग ले लिया है।
वायरल वीडियो
भाजपा राज्य सचिव ने जताई आपत्ति
आंध्र प्रदेश के भाजपा के राज्य सचिव रमेश नायडू ने इस पर आपत्ति जताते हुए ट्वीट किया, 'क्या जरूरी है कि आप अपने दूषित व्यवहार को एक पवित्र जगह पर लाएं? तिरुमाला के भगवान वेंटकटेश्वर के सामने इस तरह के व्यवहार को सार्वजिनक रूप से प्रदर्शित करना अपमानजनक है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।' हालांकि, नायडू ने बाद में अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया। उनके ट्वीट के बाद विवाद ने और तूल पकड़ लिया है।
पति-पत्नी भी नहीं करते ऐसा व्यवहार- पुजारी
आंध्र प्रदेश के चिलकुर बालाजी मंदिर के मुख्य पुजारी एस रंगराजन ने भी इस पर अपनी कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी भी मंदिर के अंदर ऐसी हरकत नहीं करते हैं। उन्होंने कहा, "अगर आपको ऐसा व्यवहार करना है तो होटल में जाकर कमरा लीजिए। आपका व्यवहार रामायण और सीता का अपमान करता है।" उन्होंने यह भी कहा कि सीता के किरदार के लिए कृति उचित कलाकार नहीं हैं।
16 जून को रिलीज होगी फिल्म
सबसे पहले 'आदिपुरुष' का टीजर पिछले साल आया था। टीजर आते ही फिल्म पर धार्मिक अपमान को लेकर बवाल खड़ा हो गया था। फिल्म के VFX की भी खूब किरकिरी हुई। इसके बाद निर्माताओं ने सुधार के लिए वक्त लिया और इसकी रिलीज डेट टाल दी गई। फिल्म 16 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। इस फिल्म में प्रभास भगवान राम, कृति सीता, सनी सिंह लक्ष्मण और सैफ अली खान रावण के किरदार में नजर आएंगे।