
साेनू निगम के खिलाफ शिकायत दर्ज, पहलगाम का नाम लेकर बुरे फंसे गायक
क्या है खबर?
लोकप्रिय गायक सोनू निगम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।
उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु कॉन्सर्ट के दौरान फैन की कन्नड़ गाने की मांग को पहलगाम की आतंकी घटना से जोड़ दिया था, जिसके बाद बवाल बढ़ गया।
कन्नड़ समुदाय उनकी उस बात से इतना नाराज हो गया कि मामला पुलिस तक जा पहुंचा।
कन्नड़ गाने की मांग पर सोनू का विवादित बयान सामने आने के बाद ये बवाल हुआ।
आइए पूरा मामला विस्तार से जान लें।
नाराजगी
कन्नड़ समर्थक संगठन ने दर्ज कराई शिकायत
अलग-अलग कई भाषाओं के गानों को अपनी आवाज दे चुके सोनू अक्सर अपने लाइव कार्यक्रमों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
पिछले दिनों दिल्ली विश्वविद्यालय में हुए एक म्यूजिक कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सोनू इन दिनों बेंगलुरु कॉन्सर्ट को लेकर सुर्खियों में हैं, जहां उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया, जो कन्नड़ समुदाय को बिल्कुल रास नहीं आया।
इसके बाद एक कन्नड़ समर्थक संगठन ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की है।
बयान
ऐसा क्या बोले थे सोनू?
दरअसल, सोनू हिंदी गाने गा रहे थे। इस बीच उनका एक फैन बार-बार उन्हें कन्नड़ गाना गाने की धमकी दे रहा था। इसके बाद उन्होंने शो को बीच में रोककर जो कहा उसी बात ने विवाद खड़ा कर दिया।
सोनू बोले, "यही कारण है, पहलगाम में जो हुआ था ना.... यही कारण है जो तुम कर रहे हो, जो अभी किया था। देखो तो सामने कौन खड़ा है।"
उनके इस बयान को कन्नड़ समुदाय ने अपमानजनक, असंवेदनशील और गैर-जरूरी बताया।
शिकायत
सोनू ने पहुंचाई कन्नड़ समुदाय की भावनाओं काे ठेस- संगठन
कर्नाटक रक्षण वेदिके (KRV) की बेंगलुरु जिला इकाई ने शिकायत दर्ज की।
संगठन ने आरोप लगाया कि सोनू के बयान ने कन्नड़ समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाई, भाषाई समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा दिया और क्षेत्र में हिंसा भड़काने की आशंका पैदा की। यह बयान न केवल असंवेदनशील है, बल्कि खतरनाक भी है।
एक सांस्कृतिक मांग को आतंकी घटना से जोड़कर सोनू ने कन्नड़ समुदाय को असहिष्णु दिखाया, जिससे भाषाई नफरत और सांप्रदायिक सद्भाव को खतरा पैदा हुआ।
ट्रोलिंग
सोशल मीडिया पर भी ट्रोलिंग का शिकार हुए सोनू
सोशल मीडिया पर भी सोनू के इस बयान की आलोचना हुई।
एक यूजर ने लिखा, 'कन्नड़ गाने की मांग करने का पहलगाम की घटना से क्या लेना-देना? सोनू निगम दो असंबंधित चीजों को क्यों जोड़ रहे हैं?'
एक कमेंट है, 'अगर बेंगलुरु के कॉन्सर्ट में कन्नड़ गाने की मांग करना देशद्रोह है तो मुझे देशद्रोही कहलाने में कोई दिक्कत नहीं।'
हालांकि, सोनू के समर्थकों की मानें तो उन्होंने अपने आत्मसम्मान के लिए आवाज उठाई और आक्रामक व्यवहार का जवाब दिया।