Page Loader
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को आया हार्ट अटैक, AIIMS में भर्ती
कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को हार्ट अटैक

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को आया हार्ट अटैक, AIIMS में भर्ती

Aug 10, 2022
02:00 pm

क्या है खबर?

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव को दिल का दौरा पड़ने की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह जिम में ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज कर रहे थे तभी उन्हें हार्ट अटैक आया। उनके ट्रेनर उन्हें अस्पताल ले गए। राजू की टीम ने इस खबर की पुष्टि की है। 59 वर्षीय राजू को दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। वह होश में हैं। उन्हें यहां कुछ दिन जांच के लिए रखा जाएगा।

घटना

CPR से बचाई गई जान, अब खतरे से बाहर

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजू को माइल्ड हार्ट अटैक आया है। वह दक्षिणी दिल्ली स्थित एक जिम में ट्रेडमिल पर एक्सरसाइज कर रहे थे। तभी उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की और बेहोश हो गए। उनके ट्रेनर उन्हें अस्पताल लेकर गए। राजू को सुबह करीब 10:45 बजे AIIMS लाया गया। उन्हें दो बार CPR दिया गया जिसके बाद उनकी हृदयगति वापस आ सकी। डॉक्टरों ने ऐंजियोग्राफी करके उनके हृदय की जांच की। फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है।

दुआ

साथी सुनील पाल ने दी राहत की खबर

यह खबर आते ही राजू के प्रशंसक घबरा गए। सोशल मीडिया पर राजू के प्रशंसक और मनोरंजन जगत के उनके साथी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कॉमेडियन सुनील पाल ने राजू की सेहत की जानकारी देते हुए कहा कि बहुत खुशी की बात है कि अब वह खतरे से बिल्कुल बाहर हैं। उन्होंने राजू के लिए संदेश दिया, "राजू भाई, हम सब आपसे बहुत प्यार करते हैं। स्वस्थ होकर मिलते हैं। मुंबई में आपका इंतजार है।"

करियर

पिछले हफ्ते सोनी टीवी पर आए थे नजर

राजू पिछले हफ्ते सोनी टीवी के 'इंडियाज लाफ्टर चैंपियन' के एक एपिसोड में नजर आए थे। राजू ने 2005 में शो 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज' में कॉमेडी करके अपनी पहचान बनाई थी। शो में वह गजोधर नाम के काल्पनिक किरदार पर कॉमेडी करते थे। वह 'बिग बॉस 3' में भी नजर आए थे। इसके अलावा वह बॉलीवुड में वह 'आमदनी अठन्नी खर्चा रुपया', 'मैं प्रेम की दीवानी हूं' समेत कई फिल्मों में कॉमिक किरदार निभा चुके हैं।

राजनीति

2014 में भारतीय जनता पार्टी में हुए शामिल

राजू कानपुर के रहने वाले हैं। वह कॉमेडी और अभिनय के साथ ही राजनीति में भी कदम रख चुके हैं। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान राजू को समाजवादी पार्टी ने टिकट दिया था। राजू ने पार्टी पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए टिकट लौटा दिया था। कुछ दिन बाद वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नमांकित किए जाने के बाद राजू अपने शो के जरिए स्वच्छ भारत अभियान का प्रचार करते हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

राजू का जन्म 1963 में हुआ था। उनका असली नाम सत्यप्रकाश श्रीवास्तव है। 1993 में उन्होंने शिखा श्रीवास्तव से शादी की। परिवार में शिखा और राजू के दो बच्चे हैं।