'कॉकेटेल 2' की एडवांस बुकिंग में तूफानी शुरुआत, एक दिन में बेच डाले इतने टिकट
क्या है खबर?
शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना की 'कॉकेटेल 2' अपनी रिलीज से कुछ कदम दूर है। फिल्म के सितारे देशभर में इसका प्रमोशन करने के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं। हाल ही में निर्माताओं ने एडवांस बुकिंग भी शुरू की और अब पहले दिन का नतीजा सामने आ चुका है। होमी अदजानिया द्वारा निर्देशित, मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित इस रोमांटिक-कॉमेडी ने सकारात्मक कदम उठाया है। पहले ही दिन टिकटों की बिक्री 10,000 के पार पहुंच चुकी है।
बिक्री
इन मल्टीप्लेक्स के लिए 'कॉकेटेल 2' ने बेचे टिकट
मनी कंट्रोल के मुताबिक, 'कॉकेटेल 2' ने पहले दिन तीनों राष्ट्रीय मल्टीप्लेक्स श्रृंखलाओं के लिए लगभग 13,000 टिकटाें की बिक्री कर ली है। इनमें PVR और INOX के लिए 11,700 टिकट और सिनेपॉलिस के लिए 1,300 टिकट बिके हैं। चूकि फिल्म 19 जून को रिलीज हो रही है और इसमें 2 दिन का समय बाकी है, इसलिए फिल्म को ओपनिंग डे पर अच्छी शुरुआत मिलने की पूरी उम्मीद है। उम्मीद है कि तब तक बुकिंग 30,000 के पार हो जाएगी।
फिल्म
ट्रेलर और गानों की सोशल मीडिया पर धूम
'तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया' (2024) के बाद, शाहिद और कृति की यह दूसरी फिल्म है। उनके साथ रश्मिका भी हैं। फिल्म के ट्रेलर और गानों ने पहले ही सोशल मीडिया पर धूम मचा रखी है। उधर, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने भी 'कॉकेटेल 2' को बिना किसी कट के पास कर दिया है। इसे 'ए' प्रमाणपत्र के साथ पास किया गया है, जो फिल्म को 18 साल से ज्यादा उम्र वालों के लिए देखने लायक बनाती है।