अमिताभ बच्चन के 'तूफानी जोश' पर 'KBC' के निर्देशक बोले- उन्हें देख हमें शर्म आती है
क्या है खबर?
कैमरे के पीछे अमिताभ बच्चन कितनी मेहनत करते हैं, ये कम ही लोग जानते हैं। 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के निर्देशक अरुण शेषकुमार का कहना है कि 26 साल बाद भी बिग बी का काम के प्रति समर्पण नहीं बदला। वो केवल होस्ट नहीं, बल्कि इस शो की जान हैं, जो हर प्रतियोगी की कहानी से गहराई से जुड़ते हैं। एक खास बातचीत में अरुण ने बताया कि आखिर क्यों अमिताभ ही 'KBC' की सबसे बड़ी ताकत हैं।
तैयारी
हॉट सीट पर बैठने वाले हर प्रतियोगी की खुद पढ़ते हैं संघर्ष की कहानी
अमर उजाला से बातचीत में निर्देशक अरुण शेषकुमार बोले, "26 साल बाद भी अमिताभ की मेहनत जारी है। वो सेट पर पहुंचते ही स्क्रिप्ट पढ़ते हैं। केवल शो का शुरुआत और अंत तय होता है, बाकी सब प्रतियो्गियों से बातचीत पर निर्भर करता है। हर एपिसोड से पहले अमिताभ सभी 10 संभावित दावेदारों की संघर्षभरी कहानियां पढ़ते और समझते हैं। हॉट सीट पर आने वाले हर व्यक्ति से जुड़ना ही उन्हें सबसे अलग होस्ट बनाता है।"
जोश
"हम तो 50 के होकर भी पस्त हैं"
अमिताभ के 'KBC' में योगदान पर निर्देशक बोले, "अमित जी के सुझाव पूरे शो को मजबूत बनाते हैं। 83 की उम्र में बिग बी की फिटनेस और ऊर्जा सबको हैरान कर देती है। हम 50 की उम्र में भी उनकी आधी ऊर्जा नहीं रखते। सच कहूं तो कई बार उन्हें देखकर हमें ही शर्म आती है। हालांकि टीम उनकी सेहत का पूरा ध्यान रखती है, ब्रेक देती है, लेकिन सेट पर उनकी ऊर्जा देखकर उम्र का बिल्कुल एहसास नहीं होता।"
योगदान
'KBC' के होस्ट नहीं, आत्मा हैं अमिताभ
अरुण शेषकुमार बिना किसी हिचकिचाहट के कहते हैं कि उनके लिए 'KBC' की आत्मा सिर्फ और सिर्फ अमिताभ बच्चन हैं। बिग बी इस मंच पर केवल सवाल-जवाब का खेल नहीं खिलाते, बल्कि हर प्रतियोगी की जिंदगी और उनके संघर्ष की कहानी को दर्शकों के दिलों तक पहुँचाते हैं। यही वजह है कि लोग इस शो को सिर्फ एक गेम शो की तरह नहीं देखते, बल्कि इसमें भाग लेने वाले लोगों की भावनाओं से गहराई से जुड़ जाते हैं।
सफर
'KBC' में अमिताभ का ऐतिहासिक सफर
अमिताभ वर्ष 2000 में प्रसारित पहले सीजन से ही 'कौन बनेगा करोड़पति' होस्ट कर रहे हैं। तीसरे सीजन को छोड़कर (जिसे शाहरुख खान ने होस्ट किया था), बिग बी ने KBC के सभी 16 सीजनों की सफल कमान संभाली है।
26 वर्षों से वो इस शो का मुख्य चेहरा बने हुए हैं। अपनी बुलंद आवाज, बेहतरीन एंकरिंग और प्रतियोगियों से गहरे भावनात्मक जुड़ाव के बल पर उन्होंने KBC को भारतीय टेलीविजन का सबसे लोकप्रिय क्विज शो बना दिया है।