'CID' अभिनेता दिनेश फडनीस का 57 की उम्र में निधन, सह-कलाकार दयानंद शेट्टी ने की पुष्टि
क्या है खबर?
लोकप्रिय टीवी शो 'CID' में 'फ्रेडरिक्स' की भूमिका निभाने वाले अभिनेता दिनेश फडनीस नहीं रहे।
57 साल की उम्र में मंगलवार (5 दिसंबर) को उनका निधन हो गया है।
इस खबर की पुष्टि दिनेश के सह-कलाकार और 'CID' अभिनेता दयानंद शेट्टी ने की।
ईटाइम्स को उन्होंने बताया, "हां, यह सच है कि अब दिनश नहीं रहे। उनका निधन करीब 12 बजे हुआ। मैं अभी उनके घर पर ही हूं। उनका अंतिम संस्कार आज दौलत नगर श्मशान घाट में किया जाएगा।"
दुखद
खराब हो गया था अभिनेता का लीवर
लीवर खराब होने के बाद दिनेश कुछ समय से ICU में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे।
उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था, जिसके चलते उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।
दिनेश का मुंबई के तुंगा अस्पताल में इलाज चल रहा था।
पिछले कुछ दिनों से यह खबर सोशल मीडिया पर फैली हुई थी कि दिनेश को दिल का दौरा पड़ा था। हालांकि, लीवर खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
करियर
कुछ ऐसा रहा दिनेश का सफरनामा
दिनेश ने लगभग 20 साल तक 'CID' में फ्रेडरिक्स का किरदार निभाया था।
यह 90 के दशक और 2000 के दशक के सबसे लोकप्रिय टेलीविजन शो में से एक था, जो सोनी टीवी पर प्रसारित होता था।
इसके अलावा दिनेश लोकप्रिय टीवी शो 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में भी नजर आए थे, लेकिन इसमें उन्होंने मेहमान भूमिका निभाई थी।
वह कई फिल्मों का भी हिस्सा रहे, जिनमें 'सरफरोश' और 'सुपर 30' शामिल हैं।