भारतीय बॉक्स ऑफिस पर क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' का जलवा, कमाई 165 करोड़ के पार
मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की नई फिल्म 'द ओडिसी' भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। 17 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस फिल्म ने अब तक 165.85 करोड़ रुपये से ज्यादा की शानदार कमाई कर ली है। अपने ओपनिंग वीकेंड में ही 70 करोड़ रुपये से अधिक बटोरने वाली ये फिल्म दर्शकों को बेहद पसंद आ रही है। 'ओपेनहाइमर' की ऐतिहासिक सफलता के बाद 'द ओडिसी' को भारत में नोलन के लिए एक और बड़ी और कामयाब उपलब्धि माना जा रहा है।
'द ओडिसी' में नजर आ रहे ये कलाकार
ये फिल्म हॉमर की प्रसिद्ध कहानी पर आधारित है, जिसमें मैट डेमन 'ओडिसीअस' के मुख्य किरदार में हैं। उनके साथ टॉम हॉलैंड, जेंडाया, ऐनी हैथवे, चार्लीज थेरॉन और रॉबर्ट पैटिनसन जैसे बड़े सितारे भी नजर आ रहे हैं। फिल्म ट्रोजन युद्ध के बाद ओडिसीअस की 10 साल लंबी और मुश्किल घर वापसी की यात्रा को दिखाती है, जहां उन्हें कई राक्षसों और देवताओं की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इस फिल्म को 'यूनिवर्सल पिक्चर्स' ने रिलीज किया है।