रणबीर-आलिया की 'ब्रह्मास्त्र' के तेलुगु वर्जन को अपनी आवाज देंगे चिरंजीवी

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की 'ब्रह्मास्त्र' बहुप्रतीक्षित फिल्मों की सूची में शामिल है। इस फिल्म के जरिए पहली बार पर्दे पर रियल लाइफ की जोड़ी नजर आएगी। इसका निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है। फिल्म का निर्माण करण जौहर धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले कर रहे हैं। हाल में खबर आई थी कि साउथ स्टार चिरंजीवी इस फिल्म से जुड़ेंगे। अब करण ने ऐलान कर दिया है कि 'ब्रह्मास्त्र' के तेलुगु वर्जन को चिरंजीवी अपनी आवाज देंगे।
फिल्म निर्माता करण ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इस प्रोजेक्ट में चिरंजीवी के शामिल होने की पुष्टि की है। साथ ही उन्होंने एक टीजर वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'टीम 'ब्रह्मास्त्र' में आपका स्वागत है चिरंजीवी सर! बहुत आभारी और सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि आपने फिल्म के तेलुगु संस्करण को अपनी आवाज दी है। अपनी असीम प्रतिभा और भव्यता से इस परिवार को और मजबूत बनाना।'
टीजर वीडियो में मेकर्स चिरंजीवी का स्वागत करते हुए नजर आए। फिल्म के निर्देशक अयान ने फुलों का गुलदस्ता देते हुए टीम में उनका स्वागत किया। वीडियो में चिरंजीवी फिल्म के संवादों को रिकॉर्ड करते हुए दिखे हैं। इसमें फिल्म के बाकी कलाकारों की झलक भी दिखाई गई है। इतना जरूर है कि फिल्म से चिरंजीवी के जुड़ने से तेलुगु सिनेमा के दर्शक रोमांचित होंगे। तेलुगु सिनेमा में चिंरजीवी की लोकप्रियता किसी से छिपी नहीं है।
Welcome to Team Brahmāstra, Chiranjeevi Sir!
— Karan Johar (@karanjohar) June 13, 2022
So grateful and honoured to have you lend your voice to the Telugu version of the film. Making this family only stronger with your boundless talent and grandeur!✨ pic.twitter.com/D6ssbFwy1m
हाल में पिंकविला की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चिंरजीवी 'ब्रह्मास्त्र' से जुड़ सकते हैं। खबरों की मानें तो निर्देशक अयान ने कुछ समय पहले चिरंजीवी के साथ मुलाकात की थी। इसके लिए वह हैदराबाद गए थे और उनकी मुलाकात अच्छी रही थी।
महान निर्देशक एसएस राजामौली भी 'ब्रह्मास्त्र' से जुड़े हैं। राजामौली अयान, करण और फॉक्स स्टूडियोज के साथ मिलकर फिल्म को तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम चार दक्षिण भारतीय भाषाओं में पेश करेंगे। खुद राजामौली ने इस संबंध में घोषणा की थी। उन्होंने कहा था, "मैं 'ब्रह्मास्त्र' को दर्शकों के बीच पेश करने को लेकर टीम का हिस्सा होने पर बेहद खुश हूं। इस फिल्म का कॉन्सेप्ट अलग है, जो इसकी कहानी और प्रस्तुति में दिखता है।"
'ब्रह्मास्त्र' पौराणिक कथाओं और साइंस फिक्शन का मिला-जुला रूप होगा। फिल्म 9 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसे पांच भारतीय भाषाओं हिन्दी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में रिलीज किया जाएगा। अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन अक्किनेनी भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए रणबीर ने बताया था कि यह एक सुपरहीरो की कहानी होगी। इसमें उन्हें स्पेशल पावर्स से लैस देखा जाएगा। इस फिल्म को तीन पार्ट में बनाया जाएगा।
'ब्रह्मास्त्र' रणबीर और आलिया के लिए खास फिल्म है, क्योंकि 2017 में इसी फिल्म के सेट पर दोनों के बीच प्यार पनपा था। रणबीर और आलिया 2017 से रिलेशनशिप में थे। हाल में आलिया और रणबीर ने सात फेरे लिए।