मुख्यमंत्री विजय का तमिल इंडस्ट्री को दिवाली का तोहफा, जारी की 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और मशहूर अभिनेता सी जोसेफ विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को दिवाली का एक खास तोहफा दिया है। उन्होंने 2015-2022 के बीच बनी 224 तमिल फिल्मों के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है। तमिल फिल्मों के निर्माता टी शिवा ने सोशल मीडिया पर ये खुशखबरी साझा की है। उन्होंने बताया कि ये पिछले 7 सालों से टल रहा था। इसके लिए निर्माता ने मुख्यमंत्री को शुक्रिया भी कहा है।
शिवा
निर्माताओं के जीवन में आई नई उम्मीद- शिवा
शिवा ने 'एक्स' पर लिखा, 'तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री श्री जोसेफ विजय का तहे दिल से शुक्रिया, जिन्होंने 224 फिल्मों के लिए 16 करोड़ रुपये की सब्सिडी तुरंत जारी कर दी। ये मामला 7 सालों से लंबित था और इस कदम से इन 224 निर्माताओं के जीवन में नई उम्मीद और एक नई शुरुआत आई है। मैं माननीय मंत्री श्री राजमोहन का भी हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस काम को पूरा करने के लिए समर्पित प्रयास किए।'
कार्यक्रम
चेन्नई में हुए कार्यक्रम के दौरान बंटी रकम
निर्माता ने आगे लिखा, 'ये सिर्फ एक सब्सिडी नहीं है, बल्कि फिल्म उद्योग से जुड़े कई परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा है। लाभ पाने वालों में 90 प्रतिशत ऐसे लोग हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण के कारण छिन गई थी।'
चेन्नई के चेपॉक में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजमोहन ने तमिलनाडु सरकार की ओर से निर्माताओं को फिल्म सब्सिडी के रूप में 15.68 करोड़ रुपये बांटे।
हर निर्माता को 7 लाख रुपये का चेक दिया गया था।
जानकारी
कैसे चुनी गई थीं फिल्में?
ईटीवी भारत के अनुसार, 2015-2022 के बीच बनी फिल्मों को सब्सिडी के लिए एक चयन समिति ने चुना, जिसकी अध्यक्षता सेवानिवृत्त जस्टिस एसके कृष्णन ने की। राजमोहन ने कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के लिए राज्य-पुरस्कार योग्यता और ईमानदारी के आधार पर दिए जाएंगे।