मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दीया मिर्जा वाले विवाद को बताया मामूली, बोले- अभिनेत्री हैं; नेता नहीं
क्या है खबर?
दीया मिर्जा पटाखों के बिना दिवाली मनाने की अपील वाले अपने वीडियो के चलते काफी दिनों से चर्चा में हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। पुणे में पत्रकारों से बात करते हुए फडणवीस ने इस विवाद को मामूली बताया और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के वीडियो को हटाने के निर्णय का समर्थन किया। उनके मुताबिक, ये सरकार के स्तर का मुद्दा नहीं है।
बयान
दीया मिर्जा पर क्या बोले मुख्यमंत्री?
फडणवीस ने कहा, "दीया मिर्जा भले ही एक जानी-मानी अभिनेत्री हों, लेकिन वह भारत की कोई बहुत प्रमुख नेता नहीं हैं। इसलिए, मुझे लगता है कि ये ठीक है। ये हमारे स्तर का विषय नहीं है। आप हमसे हमारे स्तर के सवाल पूछें, छोटी-मोटी बातों पर सवाल न पूछें।"
उनका बयान बॉम्बे उच्च न्यायालय द्वारा इस विवाद पर कड़ी नाराजगी जताने और BMC से हटाए गए वीडियो को बहाल करने के लिए कहने के कुछ घंटों बाद आया है।
फडणवीस
मुझे नहीं लगता उच्च न्यायालय ने फटकार लगाई- फडणवीस
फडणवीस ने आगे कहा, "मुझे नहीं लगता कि उच्च न्यायालय ने उन्हें फटकार लगाई या ऐसा कुछ किया। हो सकता है कि उन्होंने बस अपनी कोई राय दी हो, क्योंकि ये मामला तो उच्च न्यायालय गया ही नहीं था तो फिर फटकार लगाने का सवाल ही कहां उठता है?"
हालांकि, उच्च न्यायालय के जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने दीया के खिलाफ की गई राजनीतिक टिप्पणियों पर नाराजगी जताई।