LOADING...
'छावा' को लेकर थम नहीं रहा विवाद, अब महाराष्ट्र के मंत्री ने की ये मांग
'छावा' पर विवाद तेज (तस्वीर: एक्स/@NishantADHolic_/)

'छावा' को लेकर थम नहीं रहा विवाद, अब महाराष्ट्र के मंत्री ने की ये मांग

Jan 25, 2025
07:39 pm

क्या है खबर?

अभिनेता विक्की कौशल फिल्म 'छावा' को लेकर सुर्खियों में हैं। दमदार कहानी और कलाकारों की जोरदार परफॉर्मेंस से सजी इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को बेहद पसंद आया। हालांकि, अब जबकि फिल्म अपनी रिलीज के लिए तैयार है तो दूसरी ओर इसे लेकर विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने मांग उठाई कि 'छावा' की रिलीज से पहले जानकार समीक्षकों द्वारा इसकी समीक्षा की जानी चाहिए।

पोस्ट

मंत्री ने एक्स पर किया ये पाेस्ट

महाराष्ट्र के मंत्री उदय सामंत ने एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्माता और निर्देशकों को इस संबंध में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और आपत्तिजनक चीजों को हटाना चाहिए। उन्होंने लिखा, 'यह खुशी की बात है कि धर्म और स्वतंत्रता के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित एक हिंदी फिल्म बनाई जा रही है हालांकि, कई लोगों ने अपनी राय व्यक्त की है कि इस फिल्म में कुछ आपत्तिजनक दृश्य हैं।'

दो टूक

पहले जानकार समीक्षक फिल्म देखेंगे, फिर होगा फैसला- मंत्री

सामंत ने लिखा, 'दुनिया को छत्रपति का इतिहास समझाने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी हैं। हमारा मानना ​​है कि इस फिल्म को विशेषज्ञों और जानकार लोगों को दिखाए बिना रिलीज नहीं किया जाना चाहिए।' मंत्री सामंत ने चेतावनी देते हुए कहा कि छत्रपति संभाजी के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। फिल्म देखने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा, वरना इसे रिलीज नहीं होने दिया जाएगा।

ट्विटर पोस्ट

उदय सामंत का पोस्ट

मांग

पहले उठी थी फिल्म को इतिहासकारों को दिखाने की मांग

इससे पहले शुक्रवार को पूर्व राज्यसभा सांसद संभाजीराजे छत्रपति ने कहा था कि सटीकता सुनिश्चित करने के लिए फिल्म को रिलीज से पहले इतिहासकारों को दिखाया जाना चाहिए। छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज, पूर्व सांसद की टिप्पणियां कुछ तबकों के विरोध के बीच आई थीं, जिन्होंने फिल्म में अभिनेता विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना के नृत्य को लेकर आपत्ति जताई थी। बता दें कि फिल्म में विक्की छत्रपति संभाजी महाराज और रश्मिका महारानी येसुबाई की भूमिका निभा रही हैं।

डांस सीक्वेंस

छत्रपति संभाजी महाराज के डांस पर बवाल

फिल्म के ट्रेलर में एक सीक्वेंस दिखाया गया है, जहां विक्की और रश्मिका एक वाद्ययंत्र बजाते दिख रहे हैं और साथ में नाच भी रहे हैं। लेजिम महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा एक पारंपरिक वाद्ययंत्र है। इसके बाद कुछ मराठा संगठन ट्रेलर में दिखाए गए छत्रपति संभाजी महाराज के डांस पर आपत्ति जताते हुए पुणे के ऐतिहासिक लाल महल पर विरोध प्रदर्शन करने लगे। उनका तर्क था कि ऐसे चित्रण से छत्रपति संभाजी महाराज की गरिमा कम होती है।

जानकारी

फिल्म की रिलीज पर छाए संकट के बादल

ट्रेलर रिलीज के बाद से ही 'छावा' विवादों में है। फिल्म अगले महीने 14 फरवरी को रिलीज होगी, लेकिन इसमें संभाजी महाराज को जिस तरह दिखाया गया है, उससे लोगों को आपत्ति है। मराठा समुदाय ने ऐतिहासिक तथ्यों को सही दिखाने की मांग की है।