रणबीर कपूर की 'रामायण' से जुड़े अभिनेता चेतन हंसराज, 7 किरदारों से मचाएंगे तहलका
क्या है खबर?
नमित मल्होत्रा की पौराणिक फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले लोगों का भरपूर ध्यान खींच रही है। फिल्म का ट्रेलर 30 जुलाई को रिलीज हुआ था, जिसमें रणबीर कपूर 'श्रीराम' के किरदार में नजर आए। वहीं 'रावण' के किरदार में यश ने वाहवाही बटोरी। इस पौराणिक महाकाव्य का हिस्सा चेतन हंसराज भी होंगे, जिन्हें 'जोधा अकबर' और 'चंद्र नंदिनी' समेत कई टीवी शोज में देखा जा चुका है। अपने हालिया इंटरव्यू में चेतन ने फिल्म में अपने किरदार पर बात की।
किरदार
'रामायण' में 7 किरदारों को पर्दे पर दिखाएंगे चेतन
हिंदुस्तान टाइम्स को चेतन ने बताया कि वह 'रामायण' में रावण के नाना राजा माली की भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने कहा, "राजा माली एक महत्वपूर्ण किरदार हैं जो इतिहास में अमर हो गए, और यश के साथ मेरे दृश्य बेहद जोशीले हैं। वह पर्दे पर शानदार हैं, और ये दोनों किरदार एक-दूसरे के पूरक हैं। ये मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि थी।"
उन्होंने बताया कि अन्य किरदारों में एक रावण का भाई और ,क राक्षस सहित 6 मोशन-कैप्चर किरदार शामिल हैं।
तुलना
'रामायण' टीवी शो और फिल्म पर कही ये बात
चेतन ने फिल्म और रामानंद सागर के टीवी शो 'रामायण' के बीच हो रही तुलना पर कहा, "हमारे पास हॉलीवुड और बॉलीवुड के बेहतरीन एक्शन डायरेक्टर और टेरी नोटरी जैसे कुशल टेक्नीशियन हैं... आज के फिल्म निर्माता दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देना चाहते हैं। मुझे यकीन है कि जो लोग इसे सही माध्यम पर देखेंगे, वे तुलनाओं को भूल जाएंगे।"
बता दें, 'रामायण: भाग 1' दिवाली, 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि दूसरा भाग दिवाली, 2027 पर आएगा।