'दृश्यम 3' के आगे नहीं चला 'चांद मेरा दिल' का जादू, औंधे मुंह गिरी कमाई
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों के बीच टक्कर देखने को मिल रही है। एक तरफ अनन्या पांडे और लक्ष्य लालवानी की फिल्म 'चांद मेरा दिल' सिनेमाघरों में संघर्ष करती दिख रही है। दूसरी ओर, सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म 'दृश्यम 3' रिलीज के बाद से दर्शकों का लगातार मनोरंजन कर रही है। आलम यह है कि इस वक्त बॉलीवुड पर साउथ की फिल्में भारी पड़ रही हैं, जिनमें सूर्या की 'करुप्पू' भी शामिल है।
कमाई
'चांद मेरा दिल' की 5वें दिन गिरी कमाई
सैकनिल्क के मुताबिक, अनन्या की फिल्म ने 5वें दिन, यानी मंगलवार को 2.10 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं सोमवार को कारोबार 2.25 करोड़ रुपये रहा था। फिल्म अब तक कुल 15.35 करोड़ रुपये कमा सकी है। करण जौहर द्वारा निर्मित इस फिल्म की कमाई 5 दिनों के मुकाबले बेहद निराशाजनक है। वहीं आयुष्मान खुराना की फिल्म 'पति पत्नी और वो दो' ने 12वें दिन 1.40 करोड़ कमाए। फिल्म अब तक कुल 39 करोड़ रुपये कमा सकी है।
टक्कर
'दृश्यम 3' और 'करुप्पू' दे रहीं जबरदस्त टक्कर
मोहनलाल की फिल्म 'दृश्यम 3' 21 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और तब से शानदार कमाई कर रही है। इसने 6वें दिन 6.45 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि 5वें कमाई 7.70 करोड़ रुपये रही थी। 6 दिनों में इसने 68.60 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है। सूर्या और तृषा कृष्णन की फिल्म 'करुप्पू' भी घटुने टेकने काे तैयार नहीं है। इसने 12वें दिन 4.45 करोड़ कमाए हैं। कुल कमाई अब 159.20 करोड़ रुपये हो गई है।