नेटफ्लिक्स को सरकार की सख्त हिदायत, पाकिस्तानी सीरीज को लेकर याद दिलाया पुराना वादा
क्या है खबर?
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर जवाब मांगा है और 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करते हुए भारत में पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट न दिखाने की हिदायत दी है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी सीरीज के भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिलने के बाद ये कदम उठाया गया है। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से जून में किए गए अपने वादे पर कायम रहने को कहा है।
निर्देश
पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर नेटफ्लिक्स को सरकार की हिदायत
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करते हुए पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में उपलब्ध न कराने का निर्देश दिया है।
पिछले साल जून में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को जानकारी दी थी कि भारत में उसके सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान से बनी कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई गई है।
अब मंत्रालय ने प्लेटफॉर्म को अपने उसी पुराने वादे पर कायम रहने को कहा है।
पुराना वादा
नेटफ्लिक्स से बोला मंत्रालय- वादा निभाएं
मंत्रालय को पाकिस्तान में बनी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिली हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इन शिकायतों के बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वो पिछले साल जून में किए गए अपने वादे पर कायम रहे। उस समय प्लेटफॉर्म ने मंत्रालय को भरोसा दिलाया था कि भारत में उसके सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
कार्रवाई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद OTT कंटेंट को लेकर सरकार ने जारी किए थे निर्देश
सूचना प्रौद्योगिकी नियम, 2021 के तहत OTT प्लेटफॉर्म को ऐसा कंटेंट दिखाते समय सावधानी बरतनी होती है, जिससे भारत की सुरक्षा, संप्रभुता और अखंडता, दूसरे देशों के साथ संबंधों या देश की कानून-व्यवस्था पर असर पड़ सकता है।
इसी नियम का हवाला देते हुए सरकार ने एडवाइजरी जारी की थी। ये एडवाइजरी 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद आई थी। इस हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया था।
चेतावनी
सरकार से पहले सरकार के बाद AICWA ने भी दी थी चेतावनी
पिछले साल जून में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने भारत में पाकिस्तान की कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। मंत्रालय ने अब उससे अपना वादा निभाने और पुराना रुख बनाए रखने को कहा है।
उधर केंद्र सरकार से पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पाकिस्तानी सीरीज को लेकर नेटफ्लिक्स को चेतावनी दी थी। संगठन ने मांग की है कि प्रीमियर से पहले सीरीज को भारत में उपलब्ध कंटेंट की सूची से हटाया जाए।
विवाद
फवाद-माहिरा की पाकिस्तानी सीरीज पर भारत में विवाद
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में विवादों में है। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 'ऑल द लव आवर हार्ट्स कैरी' नाम से प्रचारित किया जा रहा है।
फरहत इश्तियाक के उर्दू उपन्यास पर बनी ये रोमांटिक ड्रामा सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
इसमें फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर और हानिया आमिर समेत कई कलाकार हैं। AICWA ने भारत में इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है।