सेलिना जेटली की मुश्किलें और बढ़ीं, पति पीटर हाग और ससुर ने थमाया कानूनी नोटिस
क्या है खबर?
अभिनेत्री सेलिना जेटली की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। पहले से ही चल रहे कोर्ट केस के बीच अब उनके अलग रह रहे पति पीटर हाग और उनके ससुर ने उन्हें मानहानि के आरोपों पर एक कानूनी नोटिस थमा दिया है। इस नोटिस में सेलिना जेटली द्वारा लगाए गए अपमानजनक आरोपों का विरोध करते हुए उनसे सरेआम माफी मांगने की मांग की गई है, जिसके बाद दोनों के बीच का विवाद और गहरा गया है।
कारण
बच्चों के दादा और पति ने सेलिना को क्यों भेजा नोटिस?
ये कानूनी नोटिस उन बयानों और आरोपों को लेकर भेजे गए हैं, जिनके बारे में हाग परिवार का दावा है कि सेलिना ने पिछले कुछ महीनों में सोशल मीडिया, इंटरव्यू और डिजिटल मीडिया के जरिए फैलाए हैं। बयान के मुताबिक पहला नोटिस वोल्फगैंग जे हाग ने भेजा है, जो पीटर के पिता और बच्चों के दादा हैं, जबकि दूसरा नोटिस खुद पीटर ने भेजा है, जिसमें उन्होंने बदनामी और अपने बच्चों की निजता व भलाई को लेकर चिंता जताई है।
खारिज
घरेलू हिंसा और कट्टरपंथ के आरोपों पर भड़का हाग परिवार
हाग परिवार का आरोप है कि अदालत में मामला लंबित होने के बावजूद पीटर और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ लगातार सार्वजनिक बयान दिए जा रहे हैं और मीडिया में खबरें फैलाई जा रही हैं। परिवार ने सार्वजनिक बयानों और मीडिया में छपी उन सभी खबरों और आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न, डराने-धमकाने, प्रताड़ना, बच्चों को दूसरी जगह ले जाने और धर्म व कट्टरपंथ से जुड़े दावे किए गए थे।
मांग
कानूनी नोटिस में रखी गई हैं ये मांगें
इन कानूनी नोटिसों में आगे कहा गया है कि परिवार का मानना है कि मीडिया में आई ये खबरें उनकी बदनामी करती हैं, उनकी निजता का उल्लंघन करती हैं और कोर्ट में चल रहे केस में दखलंदाजी है। नोटिस में की गई मांगों के तहत विवादित कंटेंट को हटाने, सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण और माफी मांगने तथा आगे से बच्चों और चल रहे कानूनी मामले को लेकर कोई भी सार्वजनिक बयान न देने को कहा गया है।