सेलिना जेटली पहुंची मां बगलामुखी मंदिर, भाई और बच्चों को याद करके हुईं भावुक
क्या है खबर?
सेलिना जेटली इस वक्त जिंदगी के सबसे मुश्किल समय से गुजर रही हैं। पिछले साल उन्होंने पति पीटर हाग पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए तलाक का ऐलान किया था। बाद में दावा किया कि उन्हें उनके बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। दूसरी ओर, अभिनेत्री के भाई विक्रांत कुमार जेटली को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में रखा गया है। इन सब के बीच, अभिनेत्री हिमाचल प्रदेश में स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंची हैं।
प्रार्थना
अभिनेत्री ने भाई और बच्चों से मिलने की प्रार्थना की
सेलिना ने इंस्टाग्राम पर मंदिर से अपना वीडियो साझा किया, जिसमें वह भावुक दिखीं। कैप्शन में लिखा, 'मां बगलामुखी के गर्भगृह में, मैंने अपने भाई से पुनर्मिलन, अपने बच्चों से पुनर्मिलन और उस रिश्ते की बहाली के लिए प्रार्थना की है जिसे प्रेम और भाग्य कभी अलग नहीं कर सकते। मैं इस पवित्र पूजा को उन सभी आत्माओं के साथ साझा करती हूं जो मां का आशीर्वाद, संरक्षण, न्याय और अपने प्रियजनों को घर वापस लाने की शक्ति चाहती हैं।'
शादी
शादी के 15 साल बाद सेलिना जेटली हुईं पति से अलग
सेलिना और पीटर ने साल 2011 में शादी की थी। उनके 3 बच्चे हैं, विंस्टन और विराज (2012 में जन्मे जुड़वां बच्चे) और बेटा आर्थर जिसका 2017 में जन्म हुआ था। शादी के 15 साल बाद दोनों एक-दूसरे से अलग हो चुके हैं। हालांकि कुछ दिन पहले अभिनेत्री ने बताया था कि वह अपने बच्चों को कितना याद कर रही हैं, जो उनके अलग रह रहे पति के साथ हैं। उन्हें बच्चों से संपर्क करने से रोका जा रहा है।