अभिनेत्री कृषी थापांडा कौन हैं, जिनके फ्लैट में व्यवसायी का शव मिलने से हड़कंप?
क्या है खबर?
कन्नड़ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री कृषी थापांडा अचानक से चर्चा में आ गई हैं। 24 जून की रात पुलिस ने उनके बेंगलुरु स्थित फ्लैट से 33 वर्षीय व्यवसायी का शव बरामद किया है, जिसकी पहचान वैशाक के रूप में की गई। खबरों के अनुसार, शख्स ने मरने से पहले अभिनेत्री से संपर्क किया था और कथित तौर पर मैसेज भेजकर आत्महत्या का इरादा जताया था। हालांकि, घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है। आइए जानते हैं कि कृषि कौन हैं।
परिचय
इन फिल्मों में नजर आ चुकी हैं कन्नड़ अभिनेत्री
कृषि कन्नड़ फिल्म जगत की जानी-मानी अभिनेत्री और मॉडल हैं। उन्होंने 2014 में मिस कर्नाटक का खिताब जीतकर पूरे देश का ध्यान खींचा था। इसके बाद अभिनय में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म 'अकीरा' (2016) थी, जिसे काफी सराहा गया। इसके अलावा, अभिनेत्री 'काही', 'एराडु कन्नसु' और 'कन्नड़क्कागी ओन्नन्नु ओट्टी' जैसी कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। यही नहीं, कृषि को 'बिग बॉस' कन्नड़ सीजन 5 में भी बतौर प्रतियोगी देखा जा चुका है।
चर्चा
पुलिस को व्यवसायी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
TOI के मुताबिक, कृषि कई दिनों से अपने घर से बाहर हैं। ऐसे में इस घटना ने कन्नड़ सिनेमा में काफी ध्यान खींचा है, क्योंकि यह अभिनेत्री के घर पर घटित हुई है। बताया जा रहा है कि अभिनेत्री ने जानकारी मिलते ही पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। उन्होंने पुष्टि की है कि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा।
सूचना
जानकारी
मानसिक तनाव या आत्महत्या के विचार आने पर तुरंत इन नंबरों पर कॉल करें। अगर आप या आपके जानने वाले किसी भी प्रकार के तनाव से गुजर रहे हैं और आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं तो आप समाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्रालय के हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 या आसरा NGO के हेल्पलाइन नंबर 91-22-27546669 पर संपर्क करें।