रणबीर कपूर की 'एनिमल' में हैं ऐसे हिंसक दृश्य, ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने दिया विवरण
क्या है खबर?
रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' काफी समय से चर्चा में है। रणबीर समेत फिल्म की स्टारकास्ट इसके प्रचार में जुटी है। फिल्म 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म को सेंसर बोर्ड ने A सर्टिफिकेट दिया है। अब खबर है कि फिल्म को ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने भी 18+ सर्टिफिकेट दिया है और इसे काफी हिंसक बताया है।
ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन ने फिल्म के कई दृश्यों का विवरण भी दिया है।
विवरण
हर हाल में बदला लेने की कहानी है फिल्म
बोर्ड ने फिल्म के बारे में लिखा, 'यह हिंदी ड्रामा फिल्म एक पुरुष की कहानी है, जो हर हाल में अपना बदला लेना चाहता है। फिल्म में लड़ाई के दृश्य बराबर बने रहते हैं और खून-खराबे से भरे हैं। फिल्म में घरेलू हिंसा को भी दिखाया गया है। एकांत में कुछ यौन हिंसा के भी दृश्य हैं।'
बोर्ड के मुताबिक, फिल्म में घरेलू हिंसा के कई दृश्य हैं, जिनमें पुरुष महिलाओं और बच्चों को प्रताड़ित करते हैं।
हिंसा
फिल्म में हैं ऐसे हिंसक दृश्य
बोर्ड के अनुसार, एक दृश्य में एक व्यक्ति चाकू से दूसरे व्यक्ति का गला रेत देता है। अन्य दृश्य में आरी से दो कैदियों की हत्या कर दी जाती है।
लड़ाई के दृश्यों में बंदूक, ब्लेड और हाथों का इस्तेमाल हुआ है।
एक दृश्य में एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति के मुंह में बंदूक घुसा देता है। दूसरे दृश्य में एक गर्भवती महिला को बंदूक दिखाई जाती है। एक किशोर स्कूल में बंदूक लेकर जाता है।
यौन हिंसा
फिल्म में महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा के दृश्य
बोर्ड के विवरण में बताया गया है कि फिल्म में महिलाओं और बच्चों के साथ पुरुष हिंसा करते हैं, उनकी बेइज्जती करते हैं और उन्हें धमकाते हैं।
एक दृश्य में एक खूनी अपनी दुल्हन के साथ मेहमानों के सामने हिंसा करता है। वह अन्य महिलाओं का रेप करना चाहता है।
एक अन्य दृश्य में पुरुष एक महिला को रिझाने के लिए उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता हुआ दिखाया गया है। इसके बाद वह उसकी बेइज्जती भी करता है।
कबीर सिंह
'कबीर सिंह' के लिए भी हुई थी निर्देशक की आलोचना
'एनिमल' का निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया है।
संदीप तेलुगु फिल्म 'अर्जुन रेड्डी' और उसके हिंदी रीमेक 'कबीर सिंह' के लिए मशहूर हैं।
इन दोनों फिल्मों में भी महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर उनकी खूब आलोचना हुई थी। अर्जुन रेड्डी का किरदार विजय देवरकोंडा और कबीर सिंह का किरदार शाहिद कपूर ने निभाया था।
'एनिमल' में रणबीर का खूंखार अंदाज नजर आएगा। फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी नजर आएंगे।