‘हनुमान अंश’ के बाद अब तुलसीदास की कहानी लाएंगे विशाल चतुर्वेदी, ‘रामबोला’ की पूरी कमाई होगी दान
‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी अब कवि गोस्वामी तुलसीदास पर फिल्म ‘रामबोला’ लेकर आ गए हैं। इस फिल्म से जुड़ी एक खास पहल भी सामने आई है। फिल्म की बॉक्स ऑफिस से होने वाली पूरी कमाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को दी जाएगी। फिल्म के निर्माता महावीर जैन और अमित उपाध्याय भी अपनी निजी कमाई और बचत का कुछ हिस्सा इस अभियान में दे रहे हैं। इस पहल के जरिए फिल्म को एक सामाजिक उद्देश्य से भी जोड़ा गया है।
फिल्म की कमाई सेवा कार्यों में होगी खर्च
‘रामबोला’ की घोषणा गणेश चतुर्थी के मौके पर की गई थी। फिल्म गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। इसे विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म के निर्माता महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह हैं। इस बीच महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने फिल्म से होने वाली अपनी 100 फीसदी व्यक्तिगत कमाई और बचत को सेवा कार्यों के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है। रणवीर सिंह ने भी 1,000 लड़कियों की शिक्षा में मदद करने का वादा किया है।