अरशद वारसी के कम भुगतान के दावे पर बोनी कपूर बोले- वो कोई स्टार नहीं थे
क्या है खबर?
अभिनेता अरशद वारसी इन दिनों चर्चा में बने हुए हैं। कुछ दिनों पहले उनका वो विवादित बयान खूब सुर्खियों में रहा, जिसमें उन्होंने फिल्म 'कल्कि 2898 AD' में प्रभास को जोकर बताया था। इस वजह से उनकी काफी आलोचना भी हुई।
हाल ही में वह बोले कि उन्हें बोनी कपूर की फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' का एक गाना कोरियोग्राफ करने के लिए पूरे पैसे नहीं दिए गए।
अब इस पर बोनी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
बयान
पहले जानिए क्या बोले थे अरशद
अरशद ने कहा था कि फिल्म के लिए निर्माताओं ने उन्हें 1 लाख रुपये का प्रस्ताव दिया था।
कॉन्ट्रैक्ट साइन होने के बाद उनसे प्रोडक्शन टीम ने पूछा कि क्या वो इस गाने को 4 दिनों की बजाए 3 दिन में पूरा कर सकते हैं।
टीम की बात मानकर अरशद ने वो गाना 3 दिनों में ही पूरा कर दिया, लेकिन जब वो पेमेंट लेने पहुंचे तो उन्हें 1 लाख की जगह महज 75 हजार रुपये ही दिए गए।
जवाब
वो उस वक्त स्टार नहीं थे- बोनी
बोनी ने अरशद के इस दावे को हंसी में उड़ाते हुए बॉलीवुड हंगामा से कहा, "मैंने उनका बयान पढ़ा। ये 1992 की बात है और वो अब इस पर बात कर रहे हैं। उस वक्त तो वो स्टार भी नहीं थे तो उन्हें किसने इतनी बड़ी रकम दी होगी। उन्हें 4 दिन के 1 लाख रुपये दिए जा रहे थे। जब गाने की शूटिंग 3 दिन में खत्म हो गई तो उन्हें 3 दिनों के 75 हजार रुपये दिए गए।"
दो टूक
"हर कोई मीडिया का ध्यान खींचना चाहता है"
बातचीत के दौरान बोनी से पूछा गया कि क्या अरशद ने पहले कभी उनसे इस बारे में बात की थी। इस पर उन्होंने कहा, "नहीं, उन्होंने कभी इस बारे में बात नहीं की। हम मलाइका अरोड़ा और फराह खान के साथ एक टीवी शो में थे। उन्होंने तब कभी इस बारे में बात नहीं की। अब अचानक वह इसके बारे में बात कर रहे हैं। हर कोई मीडिया का ध्यान आकर्षित करना चाहता है और मैं एक आसान टारगेट हूं।"
फिल्म
'रूप की रानी चोरों के राजा' 1993 में हुई थी रिलीज
बता दें कि 1993 में आई फिल्म 'रूप की रानी चोरों का राजा' में श्रीदेवी और अनिल कपूर मुख्य भूमिका में थे। फिल्म के निर्देशक सतीश कौशिक थे।
फिल्म में जॉनी लीवर और जैकी श्रॉफ भी थे। 1987 में शेखर कपूर इस फिल्म का निर्देशन कर रहे थे, लेकिन उन्होंने इसे बीच में छोड़ दिया। बाद में उनकी जगह सतीश ने ली।
हालांकि, 9 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म फ्लॉप हो गई थी।