बोनी कपूर का तमिल सिनेमा पर नया दांव, एक और साउथ फिल्म का बॉलीवुड वर्जन तैयार
क्या है खबर?
बोनी कपूर को 'रीमेक किंग' कहना गलत नहीं होगा। उन्होंने अब तक 17 से ज्यादा दक्षिण भारतीय फिल्मों के हिंदी रीमेक बनाए हैं। बोनी ने अब एक बार फिर दक्षिण भारतीय सिनेमा पर भरोसा जताया है। उन्होंने हालिया तमिल हिट पॉलिटिकल सटायर फिल्म 'थलैवर थम्बी थलाइमयिल' के हिंदी रीमेक राइट्स खरीद लिए हैं। अपनी बेहतरीन कॉमेडी और राजनीति पर तीखे कटाक्ष के लिए चर्चा बटोरने वाली इस फिल्म को अब बोनी बॉलीवुड के अंदाज में पेश करने वाले हैं।
राइट्स
बोनी ने खरीद लिए राजनीति-कॉमेडी वाली तमिल हिट फिल्म के राइट्स
बोनी ने एक बार फिर दक्षिण भारतीय सिनेमा की सफल कहानी पर दांव लगाया है। उन्होंने हालिया तमिल हिट 'थलैवर थम्बी थलाइमयिल' के हिंदी रीमेक अधिकार हासिल कर लिए हैं। इससे पहले उन्होंने सलमान खान अभिनीत 'वांटेड' (तेलुगु फिल्म 'पोकिरी') और 'नो एंट्री' (तमिल फिल्म 'चार्ली चैपलिन') जैसी सुपरहिट दक्षिण भारतीय फिल्मों का सफल हिंदी रूपांतरण किया है। अब देखना ये होगा कि राजनीति और कॉमेडी से भरपूर ये फिल्म बॉलीवुड के पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।
आइडिया
क्रिकेट देखने गए थे और फिल्म लेकर लौटे निर्माता
बोनी को ये फिल्म इस साल की शुरुआत में तब मिली, जब वो सेलेब्रिटी क्रिकेट लीग (CCL) के सिलसिले में कोयंबटूर गए हुए थे। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने एक स्थानीय थिएटर में 'थलैवर थम्बी थलाइमयिल' देखी। बोनी इस फिल्म के निर्देशन, कलाकारों के अभिनय और जिस तरह से राजनीति के साथ कॉमेडी का तालमेल बिठाया गया था, उससे बेहद प्रभावित हुए। फिल्म खत्म होते ही उन्होंने इसके निर्माताओं से संपर्क किया और रीमेक राइट्स खरीदने की इच्छा जताई।
कहानी
क्या है फिल्म की कहानी?
ग्रामीण परिवेश पर आधारित ये फिल्म एक ऐसे पंचायत नेता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो उस वक्त मुसीबत में फंस जाता है, जब एक ही दिन गांव में शादी और अंतिम संस्कार दोनों तय हो जाते हैं। फिल्म में स्थानीय राजनीति, सत्ता का खेल, अहंकार की लड़ाई और पारिवारिक तनाव को मजेदार तरीके से दिखाया गया है। 'थलैवर थम्बी थलाइमयिल' ग्रामीण वास्तविकता से जुड़ी फिल्म है, जो कॉमेडी और व्यंग्य के जरिए समाज की कड़वी सच्चाइयों पर प्रहार करती है।
सफल फॉर्मूला
साउथ की कहानियों से बॉलीवुड को चमकाने वाले बोनी कपूर
बोनी ने रीमेक के फॉर्मूले को तब समझ लिया था, जब बॉलीवुड में ये आम नहीं था। वो साउथ की हिट फिल्मों को हिंदी दर्शकों के स्वाद के मुताबिक ढालने में माहिर हैं। 'जुदाई' और 'हमारा दिल आपके पास है' जैसे फैमिली ड्रामा से लेकर 'नो एंट्री' और 'वांटेड' जैसी हिट फिल्मों तक, उन्होंने हर जॉनर में सफल रीमेक देकर कईके करियर को नई ऊंचाई दी है। अब फिर बोनी एक परखी हुई कहानी को बॉलीवुड में भुनाने वाले हैं।