'ओप्पम' की नकल नहीं 'हैवान', बोमन ईरानी ने बताया प्रियदर्शन की खास बात
बोमन ईरानी चाहते हैं कि सबको यह पता चले कि फिल्म 'हैवान' मलयालम फिल्म 'ओप्पम' की सिर्फ नकल भर नहीं है।
यह नई थ्रिलर भले ही 'ओप्पम' की कहानी से प्रेरणा लेती है, लेकिन निर्देशक प्रियदर्शन ने 'हैवान' को बिल्कुल अलग अंदाज में पेश किया है।
उन्होंने फिल्म की मूल कहानी को तो बरकरार रखा है और यहां तक कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे कलाकारों से भी कहा कि वे मूल फिल्म न देखें, ताकि वे अपने किरदारों में कुछ नयापन ला सकें।
बोमन ने की सैफ के अंधे किरदार की सराहना
बोमन ने सैफ की खूब तारीफ की कि उन्होंने कितनी लगन से अंधे व्यक्ति का किरदार निभाया। बोमन ने कहा, 'अभिनय दरअसल कल्पना का खेल है और आपको बस यह कल्पना करनी पड़ती है कि आपके सामने कुछ भी नहीं है।'
उन्होंने प्रियदर्शन के साथ काम करने को भी अपने लिए एक सौभाग्य बताया। बोमन ने कहा, 'प्रियन सर के साथ काम करने में बड़ा मजा आता है, क्योंकि उन्हें लेंस, कैमरा, अभिनेता के चेहरे के भाव, कैमरे की मूवमेंट और आस-पास के माहौल का इस्तेमाल करना बखूबी आता है। वह सेट पर तुरंत बदलाव करके एक अलग ही ऊर्जा भर देते हैं।'