कभी दक्षिण सिनेमा से किया पर्दापण, फिर इन अभिनेत्रियाें ने बॉलीवुड में बनाया दबदबा
क्या है खबर?
भारतीय सिनेमा में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के बीच की दूरियां लगभग खत्म हो चुकी हैं। आज के दौर में हिंदी कलाकारों की फिल्मों में साउथ सितारों का शामिल होना कोई बड़ी बात नहीं रही। 'वॉर 2' और 'जवान' जैसी फिल्में इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। खैर, यहां बात करेंगे उन अभिनेत्रियों की जिनका आज बॉलीवुड पर सिक्का चलता है, लेकिन उन्होंने दक्षिण सिनेमा से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। आइए ऐसी कुछ अभिनेत्रियों के बारे में जानते हैं।
#1 & #2
'ऐश्वर्या राय' और 'प्रियंका चोपड़ा'
2000 के दशक में ऐश्वर्या राय बॉलीवुड की शीर्ष अभिनेत्रियों में शामिल रही हैं।
'ताल', 'हम दिल दे चुके सनम' और 'देवदास' जैसी फिल्में देकर वह न सिर्फ हिंदी सिनेमा की चहेती बनीं, बल्कि एक ग्लोबल आइकॉन के रूप में उभरीं। हालांकि, उन्होंने अपना डेब्यू मोहनलाल की फिल्म 'इरुवर' (1997) से किया था।
प्रियंका चोपड़ा ने 2002 में थलपति विजय की फिल्म 'तमिलन' से बड़े पर्दे पर पदार्पण किया था। इसके बाद वह 'अंदाज' और 'ऐतराज' जैसी फिल्मों में दिखीं।
#3 & #4
'तापसी पन्नू' और 'कृति सैनन'
'पिंक', 'हसीन दिलरूबा' और 'थप्पड़' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकीं तापसी पन्नू भी दक्षिण सिनेमा से होकर बॉलीवुड आई थीं।
उन्होंने 2010 में आई 'झुम्मंडी नादम' नाम की फिल्म से सिनेमा में कदम रखा था, जिसमें मनोज मंचू अभिनेता थे।
कृति सैनन भी हिंदी फिल्में करने से पहले साउथ सिनेमा का हिस्सा रही हैं। उन्होंने महेश बाबू की तेलुगु फिल्म '1: नेनोक्कडाइन' से अपना पर्दापण किया था। यह एक्शन थ्रिलर 2014 में रिलीज हुई थी।
#5, #6 & #7
'रकुल प्रीत सिंह', 'दिशा पाटनी' और 'यामी गौतम'
रकुल प्रीत सिंह इन दिनों आगामी फिल्म 'रामायण' को लेकर चर्चा में हैं, जिसमें वह 'शूर्पणखा' के किरदार में दिखेंगी। उन्होंने भी अपना डेब्यू 2009 में गुरुराज अभिनीत फिल्म 'गिल्ली' से किया था।
दिशा पाटनी को बॉलीवुड में शोहरत 'MS धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' फिल्म से मिली, लेकिन उन्होंने अपना डेब्यू तेलुगु फिल्म 'लोफर' (2015) से किया था।
इसी तरह, यामी गौतम ने 2009 में अभिनेता गणेश के साथ 'उल्लासा उत्साह' फिल्म से बड़े पर्दे पर पदार्पण किया था।