Page Loader
'हाउसफुल' समेत इन बॉलीवुड फिल्मों के बने सबसे ज्यादा सीक्वल, एक के तो 8 भाग आए
इन हिंदी फिल्मों के बन सबसे ज्यादा सीक्वल (तस्वीर: एक्स/@sidkannan)

'हाउसफुल' समेत इन बॉलीवुड फिल्मों के बने सबसे ज्यादा सीक्वल, एक के तो 8 भाग आए

May 30, 2025
07:26 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड में भी जल्द ही कई सीक्वल फिल्में बड़े पर्दे पर दस्तक देंगी, जिनके पहले भाग को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। फिल्म निर्माता का ज्यादा ध्यान अब सीक्वल और फ्रेंचाइजी फिल्मोंं को बनाने पर ज्यादा रहता है। दरअसल, ऐसी फिल्में सिनेमाघरों में दर्शकों को खींचने में ज्यादा कामयाब रहती है। इन दिनों यह फॉर्मूला काफी चल भी रहा है। आइए जानें उन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में, जिनके 4 या इससे ज्यादा सीक्वल बने।

#1

'हाउसफुल' 

'हाउसफुल' अपने 4 भागों से दर्शकों को लोटपोट कर चुकी है। 'हाउसफुल' फ्रेंचाइजी की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर जलवा रहा है। 'हाउसफुल' फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म साल 2010, दूसरी 2012, तीसरी 2016 और इसकी चौथी किस्त साल 2019 में आई थी। इस सीरीज के सभी भागों में अक्षय कुमार नजर आए हैं। रितेश देशमुख, जॉन अब्राहम, श्रेयस तलपड़े, अभिषेक बच्चन इसके अलग-अलग भागों का हिस्सा रहे हैं। पिछले कुछ समय से इसका पांचवां भाग 'हाउसफुल 5' चर्चा में है।

#2

'खिलाड़ी'

यही वो फिल्म सीरीज थी, जिसने अक्षय कुमार को बॉलीवुड में 'खिलाड़ी' का दर्जा दिलाया था। इसकी पहली फिल्म साल 1992 में रिलीज हुई थी। इस सीरीज के 8 भाग दर्शकों के बीच आए। 'खिलाड़ी' के बाद 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी', 'सबसे बड़ा खिलाड़ी', 'खिलाड़ियों का खिलाड़ी', 'मिस्टर एंड मिसेज खिलाड़ी', 'इंटरनेशनल खिलाड़ी', 'खिलाड़ी 420' और इसकी आखिरी फिल्म थी 'खिलाड़ी 786', जो साल 2012 में दर्शकों के बीच आई थी।

#3

'राज'

विक्रम भट्ट की 'राज' फ्रैंचाइजी की अब तक 4 फिल्में रिलीज हो चुकी हैं। इसकी शुरुआत साल 2002 में हुई थी, जिसमें डिनो मोरिया और बिपाशा बसु मुख्य भूमिका में थे। इसके बाद साल 2009 में 'राज: द मिस्ट्री कंटिन्यूज' आई और साल 2012 में 'राज 3डी: द थर्ड डाइमेंशन' रिलीज हुई। साल 2016 में इस सीरीज की आखिरी किस्त 'राज रीबूट' पर्दे पर आई थी, जिसमें इमरान हाशमी और कृति खरबंदा मुख्य भूमिका में थे।

#4 और #5

'गोलमाल' और 'हेट स्टाेरी'

रोहित शेट्टी के निर्देशन बनी 'गोलमाल' सीरीज के 4 भाग रिलीज हो चुके हैं। अजय देवगन, तुषार कपूर, अरशद वारसी और शरमन जोशी ने साल 2006 में इसकी शुरुआत की थी। 'गोलमाल रिटर्न्स' साल 2008 में आई, गोलमाल 3 साल 2010 तो 'गोलमाल अगेन' साल 2017 में रिलीज हुई। उधर विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन वाली 'हेट स्टोरी' के भी 4 भाग आ चुके हैं। साल 2018 में आए इसके चौथे भाग में उर्वशी रौतेला मुख्य भूमिका में थीं।