
'मिमी' से लेकर 'धड़क' तक, मराठी फिल्मों की रीमेक हैं ये बॉलीवुड फिल्में
क्या है खबर?
हिंदी सिनेमा में यूं तो बहुत से शानदार लेखक और निर्देशक हैं, लेकिन पिछले काफी समय से इंडस्ट्री में रीमेक फिल्मों को दौर चल रहा है।
इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे कभी साउथ तो कभी मराठी और गुजराती इंडस्ट्री की शानदार कहानियों को पर्दे पर बॉलीवुड का तड़का लगाकर पेश कर रहे हैं।
आज हम आपको उन बॉलीवुड फिल्मों के बारे में बताएंगे जो मराठी फिल्मों की रीमेक हैं।
चलिए जानते हैं इन फिल्मों के बारे में।
#1
'पोस्टर बॉयज'
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम साल साल 2017 में रिलीज हुई फिल्म 'पोस्टर बॉयज' का है। इसमें सनी देओल, बॉबी देओल और श्रेयस तलपड़े थे।
श्रेयस निर्देशित यह फिल्म साल 2014 में रिलीज हुई मराठी फिल्म 'पोश्टर बॉयज' की रीमेक है।
दिलीप प्रभावलकर, हृषिकेश जोशी और अनिकेत विश्वासराव अभिनीत फिल्म ने मराठी बॉक्स ऑफिस पर छप्परफाड़ कमाई की थी।
हालांकि, श्रेयस की 30 करोड़ रुपये की लागत में बनी फिल्म 15 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी।
#2
'धड़क'
बॉलीवुड में दो कलाकारों की शुरुआत को चिन्हित करने वाली रोमांटिक फिल्म 'धड़क' भी मराठी फिल्म की रीमेक थी।
इस फिल्म से जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर ने सिनेमा की रंगीन दुनिया में कदम रखा था। बता दें, यह साल 2016 में आई फिल्म 'सैराट' की रीमेक है।
महज 4 करोड़ के बजट में बनी 'सैराट' ने 110 करोड़ रुपये कमाए थे।
'धड़क' ने भी दुनियाभर में 110 करोड़ रुपये कमाकर सबका दिल जीत लिया था।
#3
'मिमी'
कृति सैनन की सुपरहिट फिल्मों में से एक 'मिमी' भी साल 2011 में आई मराठी फिल्म 'मला आई व्हायची' की रीमेक है।
फिल्म में सैरोगेसी की प्रक्रिया को बहुत करीब से दिखाया गया है। इस फिल्म में कृति और पंकज त्रिपाठी ने इतना शानदार अभिनय किया है कि दोनों कलाकारों को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है।
'मला आई व्हायची' और 'मिमी' दोनों ही फिल्मों को सिनेप्रेमियों का भरपूर प्यार मिला है।
#4
'मुंबई दिल्ली मुंबई'
'मुंबई दिल्ली मुंबई' भी मराठी फिल्म की रीमेक है। सतीश राजवाड़े निर्देशित इस रोमांटिक-कॉमेडी में शिव पंडित और पिया बाजपेयी मुख्य भूमिका में नजर आए थे।
इस फिल्म की कहानी मराठी फिल्म 'मुंबई-पुणे-मुंबई' से प्रेरित थी। इसमें मुक्ता बर्वे और स्वप्निल जोशी मुख्य भूमिका में थे। जहां मराठी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई थी, वहीं 'मुंबई दिल्ली मुंबई' को दर्शक नहीं मिल सके थे।
यह फिल्म अलग-अलग शहरों के दो लोगों की प्रेम कहानी है।