Page Loader
ISRO ने रचा इतिहास, चंद्रयान-3 की सफलता पर बॉलीवुड ने ऐसे दी बधाई
बॉलीवुड ने ISRO को दी बधाई

ISRO ने रचा इतिहास, चंद्रयान-3 की सफलता पर बॉलीवुड ने ऐसे दी बधाई

Aug 23, 2023
06:45 pm

क्या है खबर?

23 अगस्त की तारीख भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा चुका है। बुधवार शाम भारत के चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग कर ली। सारा देश इस रोमांचक क्षण को सीधा प्रसारण के माध्यम से देख रहा था। सफल लैंडिंग होते ही ISRO के वैज्ञानिकों के साथ ही लोग खुशी से झूम उठे। देशवासियों, राजनेताओं के साथ ही फिल्मी हस्तियों ने भी वैज्ञानिकों को इतिहास रचने पर बधाई दी है।

अक्षय कुमार 

भारत चांद पर और हम चांद के ऊपर- अक्षय कुमार

मिशल सफल होते ही अक्षय कुमार ने X पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए ISRO के वैज्ञानिकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "करोड़ों दिल आपको धन्यवाद दे रहे हैं ISRO. आपने हम सबको गौरवान्वित किया है। भारत को इतिहास रचते हुए देखने के लिए मैं खुशकिस्मत हूं। भारत चांद पर है, हम चांद के ऊपर हैं।' इससे पहले 14 जुलाई को चंद्रयान के लॉन्च होने पर भी अक्षय ने अपनी खुशी जाहिर की थी।

अनुपम खेर 

अनुपम खेर ने देखा सीधा प्रसारण

अनुपम खेर ने X पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह लैंडिंग का लाइव प्रसारण देख रहे हैं। लैंडर के चंद्रमा के सतह को छूते ही उनका कमरा तालिया की गड़गड़ाहट से भर गया। इस वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'भारत चांद पर देशवासियों। जय हिंद।' इससे पहले दिन में भी उन्होंने चंद्रयान की सफल लैंडिंग के लिए पूजा करते हुए एक वीडियो साझा किया था। उन्होंने कहा था कि यह जरूर सफल होगा क्योंकि ईश्वर ऐसा चाहते हैं।

आर माधवन

खुशी में डूबे आर माधवन

अभिनेता आर माधवन ने X पर अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया। ISRO को बधाई देते हुए उन्होंने लिखा, 'इस उपलब्धि को बयां करने के लिए शब्द पर्याप्त नहीं हैं। मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है। उम्मीद करता हूं मैं पागल ना हो जाऊं।' माधवन ने पिछले साल आई फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' में ISRO वैज्ञानिक नांबी नारायणन का किरदार निभाया था। इस नाते भी ISRO उनके दिल के बेहद करीब है।

ट्विटर पोस्ट

भावुक हुए आर माधवन

शाहरुख खान 

भारत और ISRO छा गया- शाहरुख खान

शाहरुख खान ने चंद्रमा पर तिरंगे की एक तस्वीर के साथ अपनी फिल्म का लोकप्रिय गाना याद दिलाया और देश और ISRO को बधाई दी। उन्होंने लिखा, 'चांद तारे तोड़ मैं लाऊं, सारी दुनिया पर मैं छाऊं। आज भारत और ISRO छा गया। सभी वैज्ञानिकों, इंजिनियरों और पूरी टीम, जिसने आज भारत को गौरवांवित किया है, उन्हें बधाई। चंद्रयान-3 चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंड कर चुका है।'

सनी देओल 

हिंदुस्तान जिंदाबाद था, है और रहेगा- सनी देओल 

अपनी फिल्म 'गदर-2' के लिए चर्चा में सनी देओल ने अपने ही अंदाज में ISRO को बधाई दी। उन्होंने चंद्रयान की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'हिंदुस्तान जिंदाबाद था, है और रहेगा। चंद्रयान-3 के सफल सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बधाई हो ISRO. भारत के अंतरिक्ष विज्ञान के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है। हमें गर्व है।' 'गदर' के 'जीते' उत्कर्ष शर्मा ने भी लाइव प्रसारण की तस्वीरों के साथ लिखा, 'मेरा भारत महान'।

अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर

अभिषेक बच्चन और अनिल कपूर ने दी बधाई

अभिषेक बच्चन ने X पर इस विजय के लिए ISRO को बधाई देते हुए लिखा कि यह एक यादगार क्षण है, ये भावनाएं शब्दों से परे हैं। अनिल कपूर ने मिशन का लाइव प्रसारण देखते हुए अपना वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि यह भारतीय अंतरिक्ष तकनीक का उम्दा प्रदर्शन है। हमारे देश के सबसे विद्वान लोगों को एक और उपलब्धि हासिल करने पर बधाई।

जावेद अख्तर 

शायराना हुए जावेद अख्तर, रणदीप हुड्डा ने भी दी बधाई

गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने शायराना अंदाज में इस उपलब्धि के लिए देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने शेर लिखा, 'अब चांद है हाथों में, सुन ऐ लैला-ए-गैती, हम तेरे लिए तुझसे भी आगे निकल आए।' अभिनेता रणदीप हुड्डा ने X पर कुछ तस्वीरें साझा कीं और लिखा, 'ISRO के वैज्ञानिकों और उससे जुड़े हर किसी को उनकी मेहनत और दृढ़ निश्चय के लिए बधाई, जिसकी वजह से चंद्रयान की सॉफ्ट लैंडिंग सफल हुई है।'

कार्तिक आर्यन और करीना कपूर 

कार्तिक आर्यन और करीना कपूर ने भी जताई खुशी

युवाओं के चहेते कार्तिक आर्यन ने लाइव प्रसारण के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करके अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, 'हमारा भारत अब चांद पर है। यह ऐतिहासिक क्षण है। धन्यवाद ISRO.' अभिनेत्री करीना कपूर ने भी सॉफ्ट लैंडिंग के बाद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ' क्या बेहतरीन तरीके से चांद के सतह को छुआ। हमें गर्व है।' इससे पहले करीना ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह अपने बच्चों के साथ इसका प्रसारण देखेंगी।

प्रकाश राज 

प्रकाश राज ने ISRO को दिया धन्यवाद

प्रकाश राज ने ट्विटर पर ISRO को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, 'भारत और इंसानियत के लिए यह एक गर्व का क्षण है। ISRO, चंद्रयान, विक्रम लैंडर और उन सबको शुक्रिया, जिनकी वजह से यह मुमकिन हो सका।' बीते कुछ दिनों से चंद्रयान-3 पर अपने विवादित ट्वीट के कारण चर्चा में थे। उन्होंने चंद्रयान-3 पर तंज कसते हुए एक कार्टून शेयर किया था। इसके लिए उन पर मुकदमा भी हो गया था और लोग उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।