#Alvida2018: शाहिद से लेकर नेहा धूपिया तक वो सितारे जो साल 2018 में बने माता-पिता, जानें
क्या है खबर?
साल 2018 बॉलीवुड के लिए शानदार रहा है। इस साल बी-टॉउन के कई सितारों की शादियां देखने को मिलीं।
सोनम, नेहा, दीपिका, प्रियंका जैसी बड़ी अभिनेत्रियों ने शादी कर ली तो, वहीं कई ऐसे सितारे रहे जिनके घर नन्हें मेहमानों ने भी कदम रखा।
शाहिद कपूर से लेकर नेहा धूपिया तक कई सितारों के घर खुशियां आईं।
तो आइये आपको बताते हैं कि बॉलीवुड के वो कौन-कौन से सितारे हैं जो इस साल माता-पिता बने हैं।
सुनिधि
सुनिधि चौहान के घर नए साल पर नन्हें मेहमान ने दी दस्तक
गायिका सुनिधि चौहान ने म्यूजिक कम्पोज़र हितेश सोनिक से 2012 में शादी की थी।
सुनिधि के घर 2018 का आगाज़ नन्हें मेहमान के साथ हुआ था।
1 जनवरी, 2018 को सुनिधि ने बेटे को जन्म दिया। प्रेग्नेंसी के दूसरे ट्राइमेस्टर में सुनिधि डब्लिन स्क्वैयर में एक शो में पहुंची थीं, जहां लाइव शो में सुनिधि को देख ऑडियंस इतनी प्रभावित थी की सभी ने उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दी थी।
कपल ने बच्चे का नाम तेघ सोनिक रखा है।
मीरा राजपूत
शाहिद कपूर दूसरी बार बने पिता
शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत ने 2018 में अपने दूसरे बच्चे को जन्म दिया।
5 सितंबर, 2018 को जन्मे इस बेबी ब्वॉय का नाम ज़ैन कपूर रखा गया। बता दें कि शाहिद 2016 में पहली बार पिता बने थे।
शाहिद की बेटी मीशा का जन्म 26 अगस्त, 2016 को हुआ था। इस कपल ने साल 2015 में दिल्ली में शादी रचाई थी।
मीरा, मीशा की तस्वीरें अक्सर सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं।
बेटियां
नील नितिन मुकेश और श्रेयस तलपड़े के घरों में आई नन्हीं परियां
नील नितिन मुकेश और रुक्मिणी के घर 2018 में बेटी का जन्म हुआ।
नील ने इंस्टाग्राम पर बेटी के जन्म की खबर दी थी। नील ने अपनी बेटी का नाम नूरवी रखा है।
अभिनेता श्रेयस तलपड़े और उनकी पत्नी भी शादी के 14 साल बाद सेरोगेसी के जरिये बेटी के माता-पिता बने। मई 2018 में उनकी बेटी का जन्म हुआ था।
श्रेयस ने अपनी बेटी का नाम आद्या रखा है।
सनी लिओनी
सनी लिओनी और उदिता बनीं इस साल दूसरी बार मां
सनी लियोनी और उनके पति डेनियल वेबर ने 4 मार्च, 2018 को घोषणा की कि सेरोगेसी की मदद से उन्हें जुड़वा बेटे हुए हैं।
इनका नाम उन्होंने अशेर सिंह वेबर और नोरा सिंह वेबर रखा है। पिछले साल जुलाई में उन्होंने बेटी निशा को गोद लिया था।
उदिता गोस्वामी ने भी 22 नवंबर को दूसरे बच्चे को जन्म दिया। उदिता ने अपने बेटे का नाम कर्मा रखा है। उदिता ने मोहित सूरी से 2013 में शादी की थी।
नेहा धूपिया
शादी के पहले प्रेग्नेंट हो गईं थीं नेहा
इसी साल मई 2018 में शादी करने के बाद नेहा धूपिया और अंगद बेदी के घर खुशियां बेटी के रूप में आई।
नेहा ने 18 नवम्बर, 2018 को बेटी मेहर धूपिया बेदी को जन्म दिया।
अंगद ने नेहा के शो 'नो-फिल्टर नेहा' में बताया था कि नेहा शादी के पहले ही प्रेग्नेंट हो गईं थीं।
प्रेग्नेंसी में भी नेहा लगातार अपने शो की शूटिंग कर रही थीं। बता दें कि नेहा अंगद से दो साल बड़ी हैं।