अदिति राव हैदरी से भाग्यश्री तक, राजघरानों से ताल्लुक रखती हैं बॉलीवुड की ये अभिनेत्रियां
क्या है खबर?
'जोधा अकबर' से लेकर 'पद्मावत' तक अब तक ऐसी कई फिल्में बन चुकी हैं, जिसमें राजघरानों की कहानियां पर्दे पर आ चुकी हैं और राजकुमारी की भूमिका में अभिनेत्रियों ने खूब वाहवाही लूटी है।
आज हम आपको उन अभिनेत्रियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जो असल में राजा-महाराजाओं के खानदान से ताल्लुक रखती हैं।
इस फेहरिस्त में अदिति राव हैदरी से लेकर मनीषा कोइराला तक का नाम शुमार है।
#1
अदिति राव हैदरी
अदिति 2 राजसी परिवारों से हैं। उनके परदादा सर अकबर हैदरी हैदराबाद के निजाम के प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
उनकी पत्नी ने महिलाओं के लिए हैदरी क्लब की स्थापना की, ताकि वो टेनिस खेल सकें। उन्होंने हैदराबाद में लड़कियों का स्कूल भी बनवाया।
अदिति के नाना जे रामेश्वर राव हैदराबाद की एक रियासत वानापार्थी के राजा थे। देश की आजादी के समय वह अपनी राजा की पदवी छोड़ने वाले पहले व्यक्ति थे।
#2
मनीषा कोइराला और सोहा अली खान
अभिनेत्री मनीषा कोइराला नेपाल के राजपरिवार से आती हैं। बॉलीवुड में कई हिट फिल्में दे चुकीं मनीषा का परिवार नेपाल की राजनीति में भी रहा है। जहां उनके दादा और चाचा नेपाल के प्रधानमंत्री बने, वहीं मनीषा के पिता नेपाल के पर्यावरण मंत्री रह चुके हैं।
सोहा अली खान भी पटौदी खानदान की बेटी हैं। उनके दादा और पापा दोनों ही नवाब थे। यही नहीं, उनकी नानी साजिदा सुल्तान भोपाल की बेगम रह चुकी हैं।
#3 और #4
भाग्यश्री और सोनल चौहान
सलमान खान के साथ फिल्म 'मैंने प्यार किया' से अपना एक्टिंग करियर शुरू करने वालीं भाग्यश्री महाराष्ट्र के सांगली के मराठी शाही परिवार से आती हैं।
उनका जन्म सांगली के चौथे और अंतिम राज महाराजा विजयसिंहराजे पटवर्धन और उनकी पत्नी श्रीमंत अखंड सौभाग्यवती रानी राज्यलक्ष्मी पटवर्धन के यहां हुआ था।
दूसरी तरफ इमरान हाशमी के साथ 'जन्नत' और कई दूसरी फिल्मों में अपने अभिनय का जलवा बिखेर चुकीं अभिनेत्री सोनल चौहान राजपूतों के शाही परिवार से संबंध रखती हैं।
#5
रिया सेन और राइमा सेन
रिया और राइमा सेन दोनों बहनें हैं। हालांकि, फिल्मी दुनिया में उन्हें कुछ खास सफलता नहीं मिली। रिया और राइमा त्रिपुरा के राजघराने से ताल्लुक रखती हैं।
इनकी दादी इला देवी कूच बिहार की महारानी थीं। इसके अलावा इन दोनों बहनों की परदादी इंदिरा देवी वडोदरा के राजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय की अकेली संतान थीं।
सिर्फ पिता की तरफ से ही नहीं, बल्कि रिया और राइमा की मां भी शाही खानदान से थीं।
जानकारी
किरण राव
निर्माता-निर्देशक, स्क्रीनराइटर और अभिनेता आमिर खान की पूर्व पत्नी किरण राव भी रजवाड़ों के परिवार से ताल्लुक रखती हैं। तेलंगाना के महबूबनगर के वानापर्थी के राजा जे रामेश्वर राव उनके दादा थे। बता दें कि किरण रिश्ते में अदिति राव हैदरी की बहन लगती हैं।