'ब्लू ब्लड्स' से लोकप्रिय हुए अभिनेता एलेक्स डुओंग का निधन, कैंसर ने छीन ली जान
क्या है खबर?
हॉलीवुड शो 'ब्लू ब्लड्स' में से लोकप्रिय हुए अभिनेता और कॉमेडियन एलेक्स डुओंग का निधन हो गया। वह एक दुर्लभ प्रकार के कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। US डेली की रिपोर्ट के मुताबिक, 42 वर्षीय डुओंग ने 28 मार्च की सुबह 11 बजे कैलिफोर्निया के सांता मोनिका स्थित सेंट जॉन अस्पताल में अपनी आखिरी सांस ली। बताया जाता है कि अभिनेता को एक दिन पहले सेप्टिक शॉक हुआ था, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
बीमारी
कैंसर की इस घातक बीमारी से जूझ रहे थे अभिनेता
रिपोर्ट के अनुसार, डुओंग को 2025 में एल्वियोलर रैबडोमायोसारकोमा नामक एक घातक कैंसर का पता चला था, जो नाजुक ऊतकों को प्रभावित करता है। अभिनेता के दोस्त हिलारी स्टील ने इस दुखद खबर की पुष्टि की है जो डुओंग की पत्नी क्रिस्टीना और 5 वर्षीय बेटी एवरेस्ट के समर्थन के लिए बनाए गए गोफंडमी पेज के जरिए साझा की गई। उन्होंने बताया कि अभिनेता ने 2025 की शुरुआत में आंख के पीछे ट्यूमर की सर्जरी भी कराई थी।
परिचय
जानिए अभिनेता एलेक्स डुओंग के बारे में
डुओंग ने अभिनय और कॉमेडी की दुनिया में खास पहचान बनाई थी। साल 2009 में SAG-AFTRA के सदस्य के रूप में, उन्होंने 'ब्लू ब्लड्स', 'डेक्सटर, 'एवरीबॉडी हेट्स क्रिस', 'प्रिटी लिटिल लायर्स' और 'द यंग एंड द रेस्टलेस' जैसे कई शो में यादगार किरदार निभाए। डुओंग ने बतौर लेखक नेटफ्लिक्स के हिस्टोरिकल रोस्ट्स में भी अपना योगदान दिया। इसके अलावा, 2021 से, वह लॉस एंजिल्स के मशहूर कॉमेडी स्टोर में एक 'डोरमैन' के रूप में काम कर रहे थे।