Page Loader
सलमान खान ने बीच में छोड़ दी थी पढ़ाई, कितने पढ़े-लिखे हैं अभिनेता?
कितने पढ़े-लिखे हैं सलमान खान? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@BeingSalmanKhan)

सलमान खान ने बीच में छोड़ दी थी पढ़ाई, कितने पढ़े-लिखे हैं अभिनेता?

Dec 27, 2023
12:39 pm

क्या है खबर?

सलमान खान का नाम भारतीय सिनेमा के उन अभिनेताओं में शुमार है, जिन्होंने अपनी उम्दा अदाकारी से लाखों दर्शकों का दिल जीता है। भाईजान के प्रशंसक दुनियाभर में मौजूद हैं, जो उनके दबंग अंदाज के दीवाने हैं। बॉलीवुड के दबंग खान कहे जाने वाले सलमान 27 दिसंबर (मंगलवार) को अपना 58वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर हम आपको उनकी पेशेवर जिंदगी से अलग भाईजान की पढ़ाई-लिखाई के बारे में बताने जा रहे हैं।

पढ़ाई

सलमान ने बीच में छोड़ दिया था कॉलेज 

सलमान ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सिंधिया स्कूल, ग्वालियर से की। इसके बाद उन्होंने मुंबई के बांद्रा में सेंट स्टैनिस्लास स्कूल में दाखिला लिया और अपनी पढ़ाई पूरी की। यहीं से सलमान के दोनों छोटे भाई अरबाज खान और सोहेल खान ने भी पढ़ाई की है। शुरुआती पढ़ाई पूरी करने के बाद सलमान ने ब्रांदा के सेंट जेवियर्स कॉलेज में दाखिला लिया था। हालांकि, उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी नहीं की और बीच में ही कॉलेज छोड़ दिया।

मैंने प्यार किया

'मैंने प्यार किया' से किया था बॉलीवुड डेब्यू 

कॉलेज छोड़ने के बाद सलमान ने असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर कुछ दिन काम किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपना फिल्मी सफर शुरू करने से पहले सलमान ने तीन स्क्रिप्ट भी लिखी थीं। अभिनेता ने साल 1988 में फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' से सहायक अभिनेता के रूप में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 1989 में उन्होंने सूरज बड़जात्या की फिल्म 'मैंने प्यार किया' से डेब्यू किया और रातों-रात लोगों के 'भाईजान' बन गए।

जानकारी

सलमान ने की फाउंडेशन की स्थापना 

2007 में सलमान ने बीईंग ह्यूमन फाउंडेशन की स्थापना की, जो भारत में वंचित लोगों की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम करती है। ये फाउंडेशन मुंबई के अक्षरा हाई स्कूल के 200 बच्चों की शिक्षा के लिए काम करती है।