
जन्मदिन विशेष: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता दिबाकर बनर्जी की इन शानदार फिल्मों का OTT पर उठाएं लुत्फ
क्या है खबर?
बॉलीवुड के बेहतरीन निर्देशकों में शुमार दिबाकर बनर्जी आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं।
21 जून, 1969 को दिल्ली में जन्मे बनर्जी इंडस्ट्री के उन निर्देशकों में से एक हैं, जिनकी प्रतिभा और कहानी कहने की कला को सभी पसंद करते हैं।
कॉपीराइटर के रूप में शुरुआत करने वाले बनर्जी निर्देशक होने के साथ-साथ स्क्रीन राइटर और प्रोड्यूसर भी हैं।
आइए आज बनर्जी के इस खास दिन पर उनकी कुछ शानदार फिल्मों पर नजर डालते हैं।
#1
'खोसला का घोसला'
2006 में आई फिल्म 'खोसला का घोसला' बनर्जी की बतौर निर्माता डेब्यू फिल्म थी, जिसके लिए उन्हें आलोचकों और दर्शकों दोनों ने सराहा था।
कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म को काफी पसंद किया गया और इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
इस फिल्म में अनुपम खेर, बोमन ईरानी, रणवीर शौरी सहित कई बेहतरीन कलाकार शामिल थे, जिनके अभिनय ने फिल्म को और भी बेहतरीन बना दिया था।
यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#2
'ओए लकी लकी ओए'
इसके बाद 2008 में बनर्जी 'ओए लकी लकी ओए' लेकर बड़े पर्दे पर लौटे।
यह बॉलीवुड की ठग पर बनी सबसे शानदार फिल्मों में से एक थी, जिसे दर्शकों ने बहुत पसंद किया।
अपनी इस दूसरी फिल्म के लिए भी बनर्जी को सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म श्रेणी में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
फिल्म में अभय देओल, ऋचा चड्ढा, नीतू चंद्रा, परेश रावल सहित कई बेहतरीन कलाकार शामिल थे।
यह फिल्म यूट्यूब पर देखी जा सकती है।
#3
'लव सेक्स और धोखा'
बनर्जी अपनी हर फिल्म में कुछ नया लाते हैं और ऐसे में जब 2010 में उनकी 'लव सेक्स और धोखा' आई तो उसे लोगों ने काफी पसंद किया।
एकता कपूर के साथ बनाई गई इस फिल्म में राजकुमार राव और नुसरत भरूचा मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म अपनी कहानी और संगीत के लिए आज भी पसंद की जाती है।
इसके जरिए उन्होंने ऑनर किलिंग, MMS स्कैंडल और स्टिंग ऑपरेशन को दिखाया था।
यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद है।
#4
'शंघाई'
2012 में बनर्जी 'शंघाई' के साथ एक नई कहानी लेकर पर्दे पर लौटे। यह एक राजनीतिक थ्रिलर फिल्म थी, जिसमें इमरान हाशमी, अभय, फारुख शेख और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी, लेकिन इसकी कहानी के साथ ही सितारों के प्रदर्शन को दर्शकों ने पसंद किया था।
यह फ्रांसीसी फिल्म 'जेड' की हिंदी रीमेक थी। इस फिल्म को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं।
#5
'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी'
2015 में आई 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी' में सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में दिखाई दिए थे, जिनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी।
यह कहानी साधारण दिखने वाले, लेकिन जबरदस्त दिमाग वाले लड़के की है, जो जासूसी करता है। फिल्म 1940 के दशक के कोलकाता में ले जाती है।
यह फिल्म बनर्जी की बाकी फिल्मों से एकदम अलग है, जिसे भी लोगों का प्यार मिला था।
इस फिल्म को भी अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।