LOADING...
बिपाशा बसु फिल्मों से दूरी बनाकर भी कैसे कमाती हैं करोड़ों? जानिए उनकी कुल संपत्ति 
बिपाशा बसु फिल्मों से दूरी बनाकर भी कैसे कमाती हैं करोड़ों? (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@bipashabasu)

बिपाशा बसु फिल्मों से दूरी बनाकर भी कैसे कमाती हैं करोड़ों? जानिए उनकी कुल संपत्ति 

Jan 07, 2025
10:03 am

क्या है खबर?

बिपाशा बसु बॉलीवुड की कुछ उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में से हैं, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम हासिल किया। बिपाशा भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे से नदारद हों, लेकिन एक वक्त था जब बॉलीवुड में उनका सिक्का चलता था। बिपाशा आज यानी 7 जनवरी को अपना 46वां जन्मदिन मना रही हैं। आइए इस खास मौके पर बताते हैं अभिनेत्री फिल्मों से दूरी बनाकर कहां से कमाई करती हैं।

दूरी

पिछली बार 'अलोन' में नजर आई थीं बिपाशा

बिपाशा को आखिरी बार साल 2015 में आई हॉरर फिल्म 'अलोन' में देखा गया था। इसमें उन्होंने दो जुड़वा बहनों संजना और अंजना का किरदार निभाया था। इस फिल्म में बिपाशा के साथ उनके पति और अभिनेता करण सिंह ग्रोवर मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म के बाद बिपाशा ने साल 2016 में अभिनेता करण से शादी रचाई थी। इसके बाद से ही वह फिल्मों से दूर हैं, लेकिन बावजूद इसके वह करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं।

संपत्ति

मुंबई और कोलकाता में है आलीशान घर 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिपाशा की कुल संपत्ति करीब 133 करोड़ रुपये है। मुंबई में उनका एक आलीशान घर है, जिसकी कीमत 16 करोड़ रुपये बताई जाती है। यहां वह अपने पति करण और बेटी देवी के साथ रहती हैं। इसके अलावा कोलकाता में भी अभिनेत्री का एक आलीशान घर है। बिपाशा की कमाई का एक बड़ा हिस्‍सा ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है। वह किसी ब्रांड से जुड़ने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की फीस चार्ज करती हैं।

कार कलेक्शन

बिपाशा के पास हैं ये गाड़ियां

ब्रांड एंडोर्समेंट के अलावा बिपाशा रियलिटी शो, निजी समारोह और पॉडकास्ट से भी लाखों की कमाई करती है। बिपाशा रियल एस्‍टेट में भी निवेश करती हैं। बिपाशा बेहद लग्जरी जिंदगी जीती हैं। अभिनेत्री के पास वोक्सवैगन बीटल (करीब 33 लाख रुपये), ऑडी Q7 (करीब 95 लाख रुपये) और टोयोटा फॉर्च्यूनर (करीब 45 लाख रुपये) जैसी गाड़ियां हैं। अभिनेत्री ने साल 2024 में अपने जीवन पर किताब लिखने का ऐलान किया था। अभी इस किताब का नाम तय नहीं हुआ है।

आगाज 

बिपाशा ने मॉडलिंग के बाद एक्टिंग में रखा कदम 

बिपाशा ने 1996 में मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म 'अजनबी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार, बॉबी देओल और करीना कपूर खान नजर आए थे। बिपाशा को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था। इसके बाद वह 'राज', 'जिस्म', 'नो एंट्री', 'फिर हेरा फेरी', 'ओमकारा' समेत कई अन्य फिल्मों में काम करती दिखीं।