बिपाशा बसु की हंसल मेहता की 'बाराबंकी' से दमदार वापसी, विशाल जेठवा-सनी कौशल संग दिखाएंगी दम
क्या है खबर?
लंबे समय से पर्दे से दूर रहीं बिपाशा बसु आखिरकार एक्टिंग की दुनिया में धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं। साल 2020 की थ्रिलर सीरीज 'डेंजरस' के बाद वो लगभग 6 साल के लंबे अंतराल के बाद OTT पर दोबारा लौट रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, बिपाशा ने पिछले महीने ही मुंबई में जाने-माने निर्देशक हंसल मेहता की आगामी क्राइम थ्रिलर सीरीज 'बाराबंकी' की शूटिंग शुरू की है। उनकी वापसी को लेकर फैंस के बीच उत्साह काफी बढ़ गया है।
रिपोर्ट
हंसल मेहता की वेब सीरीज 'बाराबंकी' से OTT पर धमाल मचाएंगी बिपाशा
मिड डे के मुताबिक, बिपाशा अभिनय की दुनिया में वापसी करने जा रही हैं। हालांकि, ये कोई बॉलीवुड फिल्म प्रोजेक्ट नहीं है, बल्कि वो जाने-माने फिल्ममेकर हंसल मेहता की आगामी वेब सीरीज 'बाराबंकी' में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएंगी।
अभिनेत्री ने पिछले महीने मुंबई में इस सीरीज की शूटिंग शुरू की है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिपाशा करीब 6 साल बाद एक्टिंग में वापसी कर रही हैं। वो आखिरी बार साल 2020 में आई थ्रिलर सीरीज 'डेंजरस' में दिखी थीं।
रजामंदी
कहानी सुनते ही बिपाशा ने कहा हां
सूत्रों के मुताबिक, जब निर्देशक ने बिपाशा को कहानी सुनाई तो उन्होंने तुरंत इसके लिए हामी भर दी। ये दोनों का साथ में पहला प्रोजेक्ट है, जिसे लेकर अभिनेत्री काफी उत्साहित हैं।
सीरीज में बिपाशा का किरदार मुख्य भूमिका से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्हें एक बेहद दमदार भूमिका मिली है। सीरीज में फैंस को बिपाशा का एक बिल्कुल नया और अलग अंदाज देखने को मिलेगा, जिसके लिए वो नया लुक अपनाएंगी।
ये सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी।
कहानी
अफीम के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस की जंग
अक्टूबर, 1984 की पृष्ठभूमि पर आधारित 'बाराबंकी' सीरीज सेवानिवृत्त IPS अधिकारी आलोक लाल की किताब पर बनी है।
इस क्राइम थ्रिलर में बिपाशा संग विशाल जेठवा और सनी कौशल भी नजर आएंगे। ये सीरीज उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में अफीम के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए गए एक ऐतिहासिक और बड़े पैमाने पर हुए पुलिस अभियान की सच्ची और रोमांचक कहानी को पर्दे पर जीवंत करेगी, जिसमें एक ईमानदार अधिकारी ने ताकतवर ड्रग कार्टेल का डटकर मुकाबला किया था।
जानकारी
फिर सच्ची कहानी लेकर आए हंसल मेहता
हंसल मेहता इससे पहले 'स्कैम 1992', 'स्कूप' और 'स्कैम 2003' जैसी सच्ची घटनाओं पर आधारित चर्चित सीरीज बना चुके हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि वो IPS अधिकारी आलोक लाल की इस असाधारण और रोमांचक कहानी को पर्दे पर कैसे जीवंत करते हैं।