'कुकू की कुंडली' के लिए भुवन बाम ने कसी कमर, फिल्म पर आया ये अपडेट
क्या है खबर?
यूट्यूबर भुवन बाम एक तरफ अपनी आगामी सीरीज 'ढिंढोरा 2' को लेकर चर्चा बटोर रहे हैं। हाल ही में, नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज का आधिकारिक ऐलान करते हुए फैंस को उत्साहित कर दिया था। अब एक और खबर भुवन के चाहने वालों को झूमने पर मजबूर कर देगी क्योंकि उनकी पहली फिल्म 'कुकू की कुंडली' पर अपडेट आ गया है। निर्देशक-निर्माता करण जौहर इस फिल्म को बना रहे हैं जिसके लिए यूट्यूबर ने शूटिंग शुरू कर दी है।
शूटिंग
लखनऊ में शुरू हुई 'कुकू की कुंडली' की शूटिंग
बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक, 'कुकू की कुंडली' एक भूतिया रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म होने वाली है, जिसकी शूटिंग लखनऊ में शुरू हो चुकी है। निर्माताओं ने शूटिंग के लिए शहर के कई अलग-अलग इलाकों का इस्तेमाल किया है, जिन्हें नई दिल्ली के रूप में दिखाया जा रहा है। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के हवाले से बताया गया है कि शूटिंग लगभग एक महीने तक चलने वाली है। टीम एक छोटा सा चरण कानपुर में भी फिल्माएगी।
कास्ट
भुवन बाम के साथ नजर आएंगी वामिका गब्बी
'कुकू की कुंडली' में भुवन की जोड़ी वामिका गब्बी के साथ बनी है। यह पहला मौका होगा, जब दोनों सितारे पर्दे पर साथ में दिखाई देंगे। मनोज पाहवा और गीता अग्रवाल शर्मा भी फिल्म का हिस्सा होंगे। फिल्म के निर्देशन की कमान शरण शर्मा को सौंपी गई है, जो 'मिस्टर एंड मिसेज माही' और 'गुंजन सक्सेना' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, रिलीज की तारीख और फिल्म की शैली से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी गुप्त रखी गई हैं।