भूमि पेडनेकर 9 साल की बच्ची से हुई हैवानियत पर भड़कीं, पूछा- हम हैरान-शर्मिंदा क्यों नहीं?
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश में एक 9 साल की मासूम बच्ची के साथ हुई कथित हैवानियत की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दिल दहला देने वाले मामले पर अब बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर का गुस्सा फूटा है। भूमि ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और तीखा पोस्ट साझा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने इस घटना को बेहद दर्दनाक बताते हुए हमारे समाज की मानसिक स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
नाराजगी
आखिर ये सब क्या चल रहा है?- भूमि
भूमि ने इस मामले से जुड़ी जानकारियों को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रीपोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'कृपया इसे पढ़ें! एक 9 साल की बच्ची का 11 साल और 12 साल के लड़कों द्वारा यौन उत्पीड़न किया गया। आखिर ये सब क्या चल रहा है? हमारे बच्चों के साथ जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखकर हम हैरान और शर्मिंदा क्यों नहीं हैं? मेरे लिए वो छोटी बच्ची और वो लड़के, दोनों ही इस टूटे हुए समाज के शिकार हैं।'
मुखर
महिलाओं के हक में हमेशा मुखर रही हैं भूमि
भूमि महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर खुलकर आवाज उठती हैं। वो सामाजिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखने के लिए जानी जाती हैं। पिछले दिनों उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो पर भी भारी आक्रोश व्यक्त किया था। उस वीडियो में एक शख्स को महिला की दीवार पर बनी तस्वीर के प्रति बेहद अश्लील और आपत्तिजनक हरकतें करते हुए दिखाया गया था, जिसकी भूमि ने कड़े शब्दों में निंदा की थी।
वर्कफ्रंट
पिछली बार इस सीरीज में दिखी थीं भूमि
अगर भूमि के फिल्मी सफर की बात करें तो उन्होंने आयुष्मान खुराना के साथ फिल्म 'दम लगा के हईशा' से बॉलीवुड में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। हाल ही में वो अमेजन प्राइम वीडियो की थ्रिलर सीरीज 'दलदल' में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन अमृत राज गुप्ता ने किया है। इस सीरीज में भूमि ने DCP रीता फरेरा का मुख्य किरदार निभाया है, जो एक सीरियल किलर के केस की तफ्तीश करती नजर आती है।